चित्तौड़गढ़, 3 मई। जिले के गंगरार क्षेत्र स्थित एएसआई ग्लास फैक्ट्री में रविवार को चिमनी गिरने की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमा तुरंत सक्रिय हो गया। जिला कलक्टर डॉ. मंजू और पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी मौके पर पहुंचे तथा हालातों का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार घटना में किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर नुकसान नहीं हुआ है, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि फैक्ट्री परिसर में स्थित चिमनी अचानक भरभराकर गिर गई, लेकिन समय रहते कर्मचारियों और फैक्ट्री प्रबंधन की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया।
जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और फैक्ट्री प्रबंधन को औद्योगिक सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तकनीकी जांच और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने को कहा।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन को सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा।
घटनास्थल पर गंगरार उपखंड अधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। फैक्ट्री प्रबंधन के अधिकारियों से भी घटना को लेकर विस्तृत जानकारी ली गई।
इधर, जिला कलक्टर डॉ. मंजू और एसपी मनीष त्रिपाठी ने बाद में मेजर नटवर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित नीट परीक्षा केंद्र का निरीक्षण भी किया। अधिकारियों ने परीक्षा व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजाम, प्रवेश प्रक्रिया, पेयजल और बैठने की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

