24 News Update चितौड़गढ़। मेवाड़ में आस्था का एक और अनोखा उदाहरण सामने आया है। व्यापार में हुई कमाई का हिस्सा भगवान को समर्पित करने की परंपरा निभाते हुए गोविंदलाल विजयवर्गीय ने सांवरिया सेठ मंदिर को महिंद्रा कंपनी का नया ट्रैक्टर भेंट किया।
चित्तौड़गढ़ जिले के कूथना निवासी व्यवसायी गोविंदलाल विजयवर्गीय शुक्रवार को अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचे। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने ट्रैक्टर की चाबी मंदिर मंडल को सौंप दी। इस ट्रैक्टर की कीमत करीब 7 लाख 11 हजार रुपए बताई जा रही है।
मुनाफे का हिस्सा भगवान को समर्पित
गोविंदलाल विजयवर्गीय ट्रैक्टर व्यवसाय से जुड़े हैं और जिले में महिंद्रा कंपनी के ट्रैक्टर की डीलरशिप उनके पास है। उनका शोरूम भी भगवान के नाम पर “सांवरिया ट्रैक्टर्स” के नाम से संचालित होता है। व्यापारी का कहना है कि उनके व्यवसाय में जो भी सफलता मिली है, वह भगवान सांवरिया सेठ की कृपा से ही संभव हुई है। इसी आस्था के चलते उन्होंने इस बार व्यापार में हुए मुनाफे का एक हिस्सा मंदिर सेवा के रूप में ट्रैक्टर भेंट करके अर्पित किया।
मंदिर के खेती और गौशाला कार्य में होगा उपयोग
मंदिर मंडल के अनुसार मंदिर परिसर से जुड़ी जमीन पर खेती और गौशाला के लिए चारे की व्यवस्था की जाती है। ऐसे में नया ट्रैक्टर खेतों की जुताई, हरा चारा लाने, चारा काटने और पानी के टैंकर जैसे कार्यों में उपयोगी साबित होगा।
परिवार की आस्था और सेवा की परंपरा
ट्रैक्टर भेंट करने के दौरान विजयवर्गीय परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। मंदिर प्रशासन और मंडल के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत करते हुए सम्मान किया। परिवार का कहना है कि मंदिर सेवा उनके लिए आस्था और कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। उल्लेखनीय है कि यह पहली बार नहीं है—पिछले साल मार्च में भी उन्होंने मंदिर को एक ट्रैक्टर भेंट किया था।

