24 न्यूज अपडेट, यूपी ब्यूरो। उत्तर प्रदेश के झांसी में कल रात को हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक पलट गया। इस ट्रक में 1800 किलो से अधिक टमाटर कैरेट में रखे हुए थे। इस ट्रक के पलटते ही पूरे हाईवे व उसके किनारों पर टमाटर ही टामाटर फैल गए। कैरेट गिरकर बाहर आकर बिखर गए। इसके बाद मौके पर अचानक लोग जुटना शुरू हो गए व संभावित लूट को बचाने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाला क्योंकि इन दिनों बाजार में 80 से 120 रुपए किलो है टमाटर का भाव। इतने महंगे टमाटरों की सुरक्षा में पुलिस को रत जगा तक करना पड़ा। पुलिस ने पूरी रात ट्रक की घेराबंदी की। हालांकि पुलिस का कहना है कि उसने केवल यातायात दुरूस्त करने व संभावित दुर्घटना को टालने के लिए ऐसा किया। घटना झांसी-ग्वालियर हाईवे के सीपरी बाजार की है। पुलिस ने बताया कि हादसे में स्कूटी सवार महिला घायल हो गई जिसे भर्ती करवाया गया है। स्कूटी आगे से पूरी तरह से टूट गई। बेंगलुरु से चले ट्रक में करीब 1800 किलो टमाटर था। रात लगभग 12 बजे झांसी-ग्वालियर हाईवे पर सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। ट्रक के पीछे ही चल रही स्कूटी सवार महिला घायल हो गई। उसे अस्पताल भिजवाया गया। बताया गया कि अभी दिल्ली और आसपास के राज्यों में टमाटर के दाम 120 रुपए प्रति किलोग्राम तक को छू रहे है। आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में भारी बारिश के कारण फसल पिछले साल की तरह इस बार भी खराब हो गई। सप्लाई कम होने से टमाटर के दाम काफी बढ़ गए। जब तक मार्केट में टमाटर की नई फसल नहीं आ जाती है तब तक दाम ऐसे ही बने रहेंगे।
80 रूपए किलो टमाटर, 1800 किलो टमाटर से भरा ट्रक पलटा, लूट बचाने रात भर जागी पुलिस

Advertisements
