समाज की प्रतिभाएं राष्ट्र की अमूल्य धरोहर, युवाओं को इतिहास और अस्मिता से प्रेरणा लेने का आह्वान उदयपुर। जनजाति समाज की प्रतिभाओं, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित 12वें अंचल स्तरीय जनजाति प्रतिभा सम्मान एवं सर्व समाज शिक्षक गौरव समारोह-2025 रविवार को सुखाड़िया रंगमंच, नगर निगम उदयपुर में भव्यता और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जनजाति अंचल के नौ जिलों से आए 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। समारोह में समाज की 554 प्रतिभाओं एवं 70 शिक्षकों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि जनजाति विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि समाज की प्रतिभाएं राष्ट्र और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। इन्हें पहचान कर आगे बढ़ाना समाज का दायित्व है। उन्होंने कहा कि यदि समाज के अग्रणीजन प्रतिभाओं को मंच और मार्गदर्शन देंगे तो जनजाति समाज नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। कार्यक्रम में केंद्रीय संयोजक एवं सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने जनजाति समाज के युवाओं से अपने इतिहास, गौरव और अस्मिता से जुड़े नायकों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ युवाओं को बहुआयामी कौशल विकास अपनाकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए आगे बढ़ना चाहिए। समारोह की अध्यक्षता करते हुए संस्थान के संस्थापक एवं पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा ने कहा कि समाज का सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब ऐसे आयोजन राजनीतिक दलगत भावना से ऊपर उठकर किए जाएं। उन्होंने बताया कि संस्थान वर्ष 2011 से निरंतर बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के यह आयोजन करता आ रहा है, जो सामाजिक एकता का उदाहरण है। संस्थान के अध्यक्ष प्रभुलाल डेंडोर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान की गतिविधियों की जानकारी दी तथा भविष्य में निर्माणाधीन भवन में कोचिंग सुविधाएं शुरू करने की योजना साझा की। महासचिव डॉ. शंकर बामनिया ने संस्थान द्वारा संचालित गतिविधियों एवं भावी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम संयोजक भरत मीणा ने बेणेश्वर धाम की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम की थीम को जनजातीय अस्मिता से जोड़ा। राष्ट्रीय जनजाति आयोग के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य समारोह में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उनका संदेश सी.बी. मीणा द्वारा पढ़कर सुनाया गया। समारोह में पूर्व मंत्री मांगीलाल गरासिया ने समाजजनों से ऐसे आयोजनों से अधिकाधिक जुड़ने की अपील की। वहीं प्रो. डॉ. बालूदान बारहठ ने कहा कि योजनाबद्ध शिक्षा जागरूकता ही समाज के समग्र उत्थान का आधार है। विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभाओं का सम्मान समारोह में उदयपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, सिरोही, सलूम्बर एवं चित्तौड़गढ़ जिलों से आए प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। 70 शिक्षकों को “नानाभाई खांट शिक्षक गौरव सम्मान” प्रदान किया गया। 15 प्रतिभाओं को विश्वविद्यालय स्तर पर स्वर्ण पदक एवं पीएचडी उपलब्धि पर “आदि कवि वाल्मीकि गौरव पुरस्कार” दिया गया। 74 प्रतिभाओं को प्रतिष्ठित सेवाओं में चयन पर “मेवाड़ वीर राणा पूंजा भील प्रतिभा पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। 200 विद्यार्थियों को मेडिकल, इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन संस्थानों में प्रवेश प्राप्त करने पर “वीर बालक एकलव्य प्रतिभा पुरस्कार” प्रदान किया गया। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली 209 छात्राओं को “शहीद वीर बाला कालीबाई प्रतिभा पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। 47 सामाजिक कार्यकर्ताओं को “शहीद नानकजी भील सामाजिक नेतृत्व पुरस्कार” दिया गया। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 37 प्रतिभाओं को “पद्मश्री लिम्बाराम खेल रत्न पुरस्कार” प्रदान किया गया। समारोह का सबसे बड़ा सम्मान “मानगढ़ धाम गौरव पुरस्कार” भारतीय लेक्रोज टीम की कप्तान सुश्री सुनीता मीणा को प्रदान किया गया। “उड़ान : एक प्रेरणा” स्मारिका का विमोचन कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने संस्थान की वार्षिक स्मारिका “उड़ान : एक प्रेरणा” का विमोचन किया। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कैरियर काउंसलिंग सत्र एवं “गौरव की राहें” डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम में विधायक शांता मीणा, पूर्व आईजी टी.सी. डामोर, पूर्व निदेशक राकेश हीरत, उपमहापौर पारस सिंघवी सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद मौजूद रहे। मंच संचालन सी.बी. मीणा, डॉ. विकास बामनिया, डॉ. संजय मानत और धनपत सिंह ने किया। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation केंद्रीय विश्वविद्यालय में सेंध लगाने वाली ‘बागरिया गैंग’ का पर्दाफाश, 8.75 लाख के जेवर-नकदी बरामद जेईई एडवांस्ड 2026 ने परखी विद्यार्थियों की वास्तविक क्षमता