1.10 करोड़ रुपए की मादक पदार्थ की खेप जब्त, देबारी से भीलों की बेदला की ओर भागा था चालक; एनएच-27 पर ब्राह्मणों का गुड़ा के पास वाहन छोड़कर फरार उदयपुर, 11 अगस्त। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उदयपुर की सुखेर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 443.800 किलोग्राम अफीम डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ की इस खेप को ले जाने में इस्तेमाल की जा रही महिन्द्रा स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया। बरामद डोडा चूरा की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपए बताई गई है। कार्रवाई के दौरान स्कॉर्पियो चालक पुलिस की नाकाबंदी देखकर वाहन को यू-टर्न कर भागने लगा और पीछा किए जाने पर एनएच-27 पर ब्राह्मणों का गुड़ा के पास सर्विस रोड पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। जिला पुलिस अधीक्षक, उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और पुलिस उप अधीक्षक वृत्त नगर पश्चिम राजेश यादव के सुपरविजन में थानाधिकारी सुखेर अरत योगी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने 11 अगस्त 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। देबारी की तरफ से आई संदिग्ध स्कॉर्पियो नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम को देबारी की तरफ से एक सफेद रंग की महिन्द्रा स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया। पुलिस के मुताबिक चालक ने नाकाबंदी देखकर वाहन रोकने के बजाय अचानक यू-टर्न लिया और भीलों की बेदला की तरफ वाहन को तेज गति से भगाने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल वाहन का पीछा शुरू किया। पुलिस की कार्रवाई से बचने के प्रयास में चालक स्कॉर्पियो को लेकर आगे बढ़ता रहा, लेकिन पुलिस टीम की लगातार पीछा करने की कार्रवाई के बाद वह एनएच-27 पर ब्राह्मणों का गुड़ा के पास सर्विस रोड पर पहुंचा। यहां चालक वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम ने मौके पर वाहन को अपने कब्जे में लेकर उसकी गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो के अंदर बड़ी मात्रा में संदिग्ध मादक पदार्थ मिला। 23 प्लास्टिक के कट्टों में भरा था डोडा चूरा पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो से कुल 23 प्लास्टिक के कट्टे बरामद हुए। इन कट्टों में अवैध अफीम डोडा चूरा भरा हुआ था। तौल करने पर इसकी कुल मात्रा 443.800 किलोग्राम पाई गई। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया। पुलिस के मुताबिक बरामद डोडा चूरा की बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपए आंकी गई है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सफेद रंग की महिन्द्रा स्कॉर्पियो, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर GJ 03 NP 5775 है, को भी जब्त किया गया है। चालक की तलाश में जुटी पुलिस नाकाबंदी के दौरान वाहन छोड़कर फरार हुए चालक की पहचान और तलाश के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में डोडा चूरा कहां से लाया गया था और इसे उदयपुर के रास्ते कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। सुखेर थाना पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और वाहन के संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही तस्करी की पूरी कड़ी का पता लगाने में जुटी है। इनकी रही कार्रवाई में भूमिका कार्रवाई थानाधिकारी सुखेर अरत योगी के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में थानाधिकारी भरत योगी, सहायक उप निरीक्षक हरीश चन्द्र सनाढ्य, सहायक चालक निरीक्षक गोविन्द्र सिंह, ड्राइवर कांस्टेबल कान सिंह (कानि. 1001) और कांस्टेबल राजेश (कानि. 378) शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का फोकस नशे की खेप के परिवहन, सप्लाई और इससे जुड़े नेटवर्क तक पहुंचने पर रहेगा। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation उदयपुर में अलसुबह पुलिस का बड़ा एक्शन, 603 ठिकानों पर दबिश, 199 अपराधी गिरफ्तार बेदला लिंक रोड लूट का 24 घंटे में खुलासा, महिला समेत तीन गिरफ्तार; विधि से संघर्षरत बालक निरुद्ध