24 News Update जयपुर/उदयपुर। दिल्ली सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन पर न्यू इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग पैनल लगाने के कार्य के चलते उत्तर रेलवे ने 20 से 29 जुलाई के बीच ट्रेनों के संचालन में बड़ा बदलाव किया है। इस अवधि में 40 ट्रेनें पूरी तरह रद्द, 8 ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द तथा 23 ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित किए गए हैं। इससे राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, बाड़मेर जैसे प्रमुख स्टेशनों से दिल्ली की ओर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा।
प्रभावित ट्रेनों में जयपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला डबल डेकर ट्रेन भी शामिल है, जो रोजाना अप व डाउन मिलाकर करीब 2000 यात्रियों को लाती-ले जाती है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण के अनुसार, इस एक ट्रेन के बंद रहने से ही करीब 70 लाख रुपये का राजस्व नुकसान अनुमानित है। वहीं, उदयपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला एक्सप्रेस (22985/22986) को 27 जुलाई को पूरी तरह रद्द किया गया है, जबकि 20473/20474 ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द रहकर दिल्ली सराय की बजाय दिल्ली कैंट तक ही संचालित होंगी।
इसके अलावा उदयपुर-न्यू जलपाईगुड़ी ट्रेन (19601) को भी 26 जुलाई को दिल्ली के वैकल्पिक स्टेशनों कृ पटेल नगर, दया बस्ती, किशनगंज होते हुए चलाया जाएगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पूर्व ट्रेनों की स्थिति की जानकारी रेलवे के आधिकारिक पोर्टल या हेल्पलाइन से अवश्य प्राप्त करें। इस इंटरलॉकिंग कार्य का उद्देश्य दिल्ली मंडल में सिग्नलिंग प्रणाली को आधुनिक बनाना है, लेकिन इसके चलते अस्थायी रूप से ट्रैफिक का बड़ा असर देखा जा रहा है।

