24 News Update उदयपुर। राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ एवं जिला पावरलिफ्टिंग संघ उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में 14वीं राजस्थान राज्य सीनियर एवं मास्टर पुरुष एवं महिला क्लासिक पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन 14 व 15 फरवरी 2026 को राजस्थान महिला विद्यालय के केंद्रीय सभागार में किया जाएगा।
राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के आयोजन सचिव विनोद साहू ने बताया कि प्रतियोगिता में राज्य के 22 जिलों से 200 से अधिक पुरुष एवं महिला खिलाड़ी भाग लेंगे। मेजबान उदयपुर के साथ जयपुर, जोधपुर, अजमेर, श्रीगंगानगर, बीकानेर, नागौर, चित्तौड़गढ़, बाड़मेर, कोटा, टोंक, अलवर, भरतपुर, डीग, सिरोही, जालौर, फलोदी, पाली, भीलवाड़ा सहित अन्य जिलों की टीमें प्रतियोगिता में अपनी ताकत आजमाएंगी। प्रतियोगिता में राज्य के कई अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे, जिनमें बीकानेर की रुखसाना बानो, राहुल जोशी, उदयपुर के गौरव साहू, गंगानगर के परबजीत सिंह, जोधपुर की मनीषा प्रजापत, अलवर के जितेंद्र शर्मा तथा जयपुर की पूनम प्रमुख हैं।
संघ के अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली ने बताया कि पुरुष वर्ग में आठ भार वर्गों—59, 66, 74, 83, 93, 105, 120 एवं 120 किलो से अधिक—के मुकाबले होंगे। वहीं महिला वर्ग में भी आठ भार वर्ग—47, 52, 57, 63, 69, 76, 84 एवं 84 किलो से अधिक—में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विजेता खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक तथा स्मृति चिन्ह प्रदान किए जाएंगे। पुरुष एवं महिला वर्ग की विजेता टीम को टीम चैंपियनशिप ट्रॉफी दी जाएगी, जबकि सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ‘स्ट्रांग मैन ऑफ राजस्थान’ और ‘स्ट्रांग वूमेन ऑफ राजस्थान’ के खिताब से नवाजा जाएगा।
संघ के सचिव देवेंद्र साहू ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन 14 फरवरी को सुबह 10.45 बजे किया जाएगा और मुकाबले 11 बजे से प्रारंभ होंगे। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए तकनीकी समिति, आवास समिति एवं भोजन समिति का गठन किया गया है। तकनीकी समिति में चंद्रेश सोनी, भूपेंद्र व्यास एवं गौरव साहू को शामिल किया गया है, वहीं निष्पक्ष संचालन के लिए राज्य के बाहर से भी रेफरी आमंत्रित किए गए हैं।
प्रतियोगिता के दौरान सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं निर्णायकों के लिए ब्रेकफास्ट, लंच व डिनर की समुचित व्यवस्था की गई है। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के आधार पर राजस्थान टीम का चयन किया जाएगा, जो आगे मेंगलूर (कर्नाटक) में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय सीनियर क्लासिक पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी।

