कविता पारख
24 न्यूज अपडेट, निम्बाहेड़ा। राजस्थान में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के प्रयासों के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1008 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली अवैध अफीम पोस्त की खेती और 1.960 किलोग्राम अवैध अफीम जब्त की है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। सीबीएन के अधीक्षक (निवारक) ने बताया कि यह कार्रवाई उप नारकोटिक्स आयुक्त, कोटा (राजस्थान) नरेश बुंदेल के मार्गदर्शन में की गई।
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई
बुंदेल ने जानकारी दी कि एक विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर सीबीएन की चित्तौड़गढ़ और कोटा सेल की संयुक्त टीम ने गांव भुवानियाखेड़ी, तहसील निम्बाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ में छापेमारी की। इस दौरान वहां अवैध अफीम पोस्त की खेती पाई गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर 1008 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली इस अवैध फसल को जब्त किया और 1.960 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की।
अवैध अफीम नष्ट, एक गिरफ्तार
सीबीएन ने सभी कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद अवैध अफीम की फसल को नष्ट कर दिया और एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। मामले की आगे जांच जारी है।

