सागवाड़ा। सागवाड़ा थाना क्षेत्र के नेमीनाथ नगर में शनिवार रात सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने करीब 10.5 लाख रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर से लगभग 9 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और 1.5 लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गए। घटना के समय घर की मालकिन अपनी बेटी के साथ रिश्तेदार की शादी में गई हुई थीं, जबकि उनके पति विदेश में नौकरी करते हैं।
शादी में गई थीं परिवार की महिलाएं, सुबह टूटा मिला ताला
पीड़िता पायल भोई के अनुसार, शनिवार को वे खेरवाड़ा में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गई थीं। रविवार सुबह पड़ोसी विनोद जोशी ने फोन कर सूचना दी कि घर का मुख्य ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही पायल दोपहर में घर पहुंचीं तो दरवाजे के ताले टूटे मिले और अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।
नकदी, सोना और चांदी पर हाथ साफ
अलमारी की तलाशी लेने पर 1.5 लाख रुपए नकद गायब मिले। इसके अलावा करीब 7.5 लाख रुपए मूल्य के 5 तोला सोने के जेवर और लगभग 1.5 लाख रुपए कीमत की आधा किलो चांदी के आभूषण भी चोरी हो चुके थे। कुल नुकसान करीब 10.5 लाख रुपए आंका गया है।

सीसीटीवी में दिखे दो संदिग्ध
घटना की सूचना पर सागवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें ‘चड्डी-बनियान’ पहने दो संदिग्ध युवक देर रात दबे पांव आते-जाते नजर आए। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
इलाके में दहशत, गश्त बढ़ाने की मांग
घटना के बाद नेमीनाथ नगर और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त निगरानी की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया जाएगा।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.