24 न्यूज अपडेट. जयपुर। 258 पदों पर राजस्थान हाउसिंग बोर्ड में निकाली गई भर्ती का संशोधित रिजल्ट जारी कर दिया गया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन हुई परीक्षा का रिजल्ट अक्टूबर 2023 में जारी किया गया था। लेकिन भर्ती नियमों के अनुसार दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक, एससी-एसटी को पासिंग नंबर में 5 फीसदी तक की छूट नहीं दी और रिजल्ट जारी कर दिया। इस पर हाईकोर्ट में एक याचिका लगी। हाईकोर्ट ने मार्च 2024 में आदेश देते हुए नियमानुसार छूट देकर दोबारा रिजल्ट जारी करने के आदेश दिए थे। फिलहाल रिजल्ट में हर पद के लिए तीन गुना अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया है, जिन्हें 29 और 30 जुलाई को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया है। डॉक्यूमेंट वेरीफिकेशन मालवीय नगर सेक्टर 5 स्थित सामुदायिक भवन में होगा। अगस्त से नियुक्ति पत्र जारी करके नियुक्तियां दे दी जाएगी। कमिश्नर इंद्रजीत सिंह ने बताया- हमें एग्जाम करवाने वाली एजेंसी से जैसे ही रिजल्ट मिल गया है। हमने अभ्यर्थियों के डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का शेड्यूल जारी कर दिया है। एक पद पर तीन गुना अभ्यर्थी बुलाए हैं। ये काम 29 और 30 जुलाई को किया जाएगा। अगस्त में हम चयनित अभ्यर्थियों की फाइनल सूची जारी करके उनको नियुक्ति पत्र जारी कर देंगे। बोर्ड प्रशासन ने पिछले साल ये भर्ती की प्रक्रिया महज 4 महीने में ही पूरी कर दी थी। जुलाई 2023 में इसके लिए आवेदन मांगे गए, जो अगस्त तक भरे गए। भर्ती के लिए कुल 59 हजार 968 लोगों के आवेदन आए थे। इनमें से 40 हजार 182 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। परीक्षा 8 से 11 सितंबर तक करवाई थी। अक्टूबर 2023 में रिजल्ट जारी कर दिया था। बोर्ड को इस भर्ती परीक्षा में एक पद के लिए 3 गुना अभ्यर्थियों को पास करना था। लेकिन अक्टूबर में रिजल्ट जारी होने के बाद चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। कनिष्ठ सहायक (जूनियर असिस्टेंट) के 50 पदों पर भर्ती के लिए हुई परीक्षा में सिर्फ 18 लोग ही पास हुए। कनिष्ठ प्रारूपकार (जूनियर ड्राफ्टमैन) के 10 पदों पर करवाई गई। परीक्षा में बोर्ड को केवल 1 ही योग्य अभ्यर्थी मिला। कम्प्यूटर ऑपरेटर (सहायक प्रोग्रामर) के 6 पदों पर 7 अभ्यर्थी, कनिष्ठ परियोजना अभियंता (विद्युत डिग्री) के 11 पदों पर 27 अभ्यर्थी, कनिष्ठ परियोजना अभियंता (सिविल डिग्री) के 40 पदों पर 82 अभ्यर्थी और कनिष्ठ विधि अधिकारी (जूनियर लॉ ऑफिसर) के 9 पदों पर 24 अभ्यर्थी ही परीक्षा में पास हो सके।
हाउसिंग बोर्ड भर्ती परीक्षा का संशोधित रिजल्ट जारी, 29 और 30 को होगा डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, अगस्त से नियुक्ति मिलेंगे

Advertisements
