24 news update निम्बाहेड़ा 30 मार्च, रविवार को चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को भारतीय हिंदू नव संवत्सर विक्रम संवत 2082 के भव्य स्वागत को लेकर मोती बाजार स्थित श्री हनुमान जी मन्दिर पर नव वर्ष उत्सव समिति की तैयारी बैठक आयोजित की गई बैठक में उपस्थित गणमान्य जनों की सर्वसम्मति से नव वर्ष उत्सव समिति के अध्यक्ष पद पर वीरेश चपलोत को मनोनीत किया गया। इस अवसर पर आगामी भारतीय हिंदू नव संवत्सर विक्रम संवत 2082 का स्वागत भव्यता के साथ करने का निर्णय लिया गया।
नव वर्ष उत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेश चपलोत ने बताया कि 30 मार्च, रविवार को सायं 4:30 बजे दशहरा मैदान स्थित श्री ढ़ाबेश्वर महादेव मंदिर से सर्व समाज की भव्य वाहन रैली निकल जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गो से होते हुए आदर्श कॉलोनी स्थित श्री कल्याण चौक पहुंचेगी। इस वाहन रैली में विशेष कर मातृशक्ति भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाते हुए नव वर्ष का स्वागत करेगी। वाहन रैली के पश्चात मातृशक्ति के द्वारा कल्याण चौक पर दीप सज्जा के साथ ही रंगोली बनाई जाएगी, वहीं नन्ही बालिकाओं द्वारा शस्त्र प्रदर्शन के पश्चात भारत माता की महाआरती की जाएगी।
चपलोत ने बताया कि नव वर्ष की पूर्व संध्या पर नगर के विभिन्न चौराहा एवं प्रमुख स्थानों पर आतिशबाजी की जाएगी, वही भगवा पताकाओं का वितरण करने के साथ ही नगर को आकर्षक विद्युत सज्जा के साथ सजाया जाएगा। नव वर्ष उत्सव समिति ने नगर एवं क्षेत्र वासियों को इस आयोजन में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करते हुए आयोजन को सफल बनाने का आव्हान किया है।

