
24 News Update भीलवाड़ा. जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान जारी है। इसी कड़ी में कारोई थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी ट्रैवल्स बस से 4 लाख 32 हजार रुपये मूल्य की अवैध शराब बरामद की है। शराब को बस की डिक्की में अन्य सामानों के बीच छुपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से बस ड्राइवर, कंडक्टर और उनके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
डिक्की में सब्जियों के साथ छिपाई थी शराब
थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई तहसील कार्यालय के सामने चल रही नाकाबंदी के दौरान की गई। इसी दौरान भीलवाड़ा की ओर से आ रही एक ट्रैवल्स बस को रोका गया। तलाशी लेने पर बस की पिछली डिक्की में सब्जियों और अन्य सामान के बीच तीन बड़े ट्रॉली बैग मिले। बैग खोलने पर अंदर विभिन्न ब्रांड्स की शराब की 108 बोतलें मिलीं, जिन्हें कार्टन में छिपाया गया था।
तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें बस ड्राइवर सुंदर (37 वर्ष) पुत्र जगदीश धानका निवासी भिवानी (हरियाणा), कंडक्टर अविनाश पुत्र भूपराम कस्वा निवासी श्रीगंगानगर और उनका साथी विनोद (22 वर्ष) पुत्र नानूराम रेवाड़ी निवासी चित्तौड़गढ़ शामिल हैं। तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर बस व शराब जब्त कर ली गई है। इस कार्रवाई को कारोई थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में एएसआई दयाल राजोरा, हेड कांस्टेबल मुकेश, कांस्टेबल अनिल, अशोक, राजपाल, खेमराज, राधेश्याम, दिनेश, रामचंद्र और विजेंद्र शामिल रहे।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.