24 न्यूज अपडेट. हैदराबाद। ई-टीवी वाले मीडिया टायकून व भारत में मीडिया क्रांति के अग्रगदूत रामोजी ग्रुप के चेयरमैन रामोजी राव का शनिवार सुबह 4ः50 बजे निधन हो गया। हैदराबाद के स्टार हॉस्पिटल में 87 साल की उम्र में रामोजी ने अंतिम सांस ली वे यहां पर 5 जून से एडमिट थे। रामोजी राव का पूरा नाम चेरुकुरी रामोजी राव था। उनका जन्म 16 नवंबर 1936 को आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के पेडापरुपुडी गांव में एक किसान परिवार में हुआ था। उन्हें भारत का रुपर्ट मर्डोक कहा जाता है। रामोजी को कुछ साल पहले कैंसर हुआ था मगर ठीक हो गए थे। रामोजी राव का पार्थिव शरीर रामोजी फिल्म सिटी में उनके आवास पर अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया है। तेलंगाना सरकार ने राजकीय सम्मान के साथ रामोजी राव का अंतिम संस्कार करने की घोषणा की है। 1962 में रामोजी राव ने रामोजी ग्रुप की नींव रखी थी, जिसमें हैदराबाद स्थित दुनिया का सबसे बड़ा फिल्म स्टूडियो रामोजी फिल्म सिटी, उषा किरण मूवीज, मयूरी फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर्स, मार्गदर्शी चिट फंड और डॉल्फिन ग्रुप ऑफ होटल्स शामिल हैं। इस नेटवर्क के टेलीविजन चैनलों और तेलुगु समाचार पत्र ईनाडु के भी प्रमुख थे। पत्रकारिता, साहित्य और शिक्षा में रामोजी का योगदान अतुलनीय रहा। वर्ष 2016 में देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। फिल्म निर्देशक एस.एस. राजामौली, संगीतकार एम.एम. कीरावनी, एक्टर जूनियर एनटीआर ने रामोजी राव को उनके आवास पर अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामोजी राव के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्विटर एक्स पर लिखा कि – रामोजी राव का निधन बेहद दुखद है। वह एक दूरदर्शी व्यक्ति थे, जिन्होंने भारतीय मीडिया में क्रांति ला दी। उन्होंने पत्रकारिता और फिल्म की दुनिया पर एक अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने मीडिया और एंटरटेनमेंट जगत में इनोवेशन और एक्सीलेंस के लिए नए मानक स्थापित किए। रामोजी राव भारत के विकास को लेकर भावुक थे। मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे उनके साथ बातचीत करने के कई मौके मिले। रामोजी के परिवार में उनकी पत्नी रमा देवी और बेटा किरण हैं। किरण ईनाडु पब्लिकेशन ग्रुप और ईटीवी चैनलों के प्रमुख हैं। रामोजी के छोटे बेटे चेरुकुरी सुमन की 7 सितंबर 2012 को ल्यूकेमिया से मौत हो गई थी। रामोजी फिल्म सिटी का नाम गिनीज गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दुनिया के सबसे बड़े फिल्म स्टूडियो कॉम्प्लेक्स के तौर पर शामिल है। 1996 में तब आंध्र प्रदेश व अब तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से 25 किलोमीटर दूर नल्गोंडा मार्ग में अब्दुल्लापुरमेट में इसकी स्थापना की थी। स्टूडियो 2000 एकड़ से भी अधिक क्षेत्रफल में फैला हुआ है। इसमें 50 शूटिंग फ्लोर है।एक साथ 15 से 25 फिल्मों की शूटिंग की जा सकती है। लाखों पर्यटक यहां पर घूमने आते हैं।
रामोजी ग्रुप के चेयरमैन रामोजी राव का निधन

Advertisements
