24 News Update मुंबई। टीवी और फिल्म जगत के मशहूर अभिनेता सतीश शाह का शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में निधन हो गया। वे 74 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से किडनी संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। हाल ही में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। उनका पार्थिव शरीर अस्पताल में रखा गया है, जहां से रविवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।
खाना खाने के बाद अचानक गिर पड़े
कॉमेडियन जॉनी लीवर, जो उनके 40 साल पुराने दोस्त थे, ने बताया कि सतीश शाह पूरी तरह स्वस्थ होकर कोलकाता से लौटे थे। शनिवार दोपहर खाना खाने के बाद अचानक गिर पड़े और उनका निधन हो गया।
सुबह ली थी आखिरी सेल्फी
फिल्ममेकर विवेक शर्मा ने बताया कि सतीश शाह से शनिवार सुबह ही बातचीत हुई थी। उन्होंने खुद की एक सेल्फी भेजी थी और मजाकिया लहजे में कहा था— “देख, मैंने 20 किलो वजन घटा लिया है, अब मैं कितना हैंडसम लग रहा हूं।”
शाम तक वही सेल्फी उनकी आखिरी तस्वीर बन गई।
कॉमेडी के ‘साराभाई’ से ‘जाने भी दो यारो’ तक का सफर
सतीश शाह ने अपने करियर की शुरुआत 1970 में फिल्म ‘भगवान परशुराम’ से की थी।
टीवी पर उन्होंने 1984 में ‘ये जो है जिंदगी’ से डेब्यू किया, जिसमें उन्होंने 55 एपिसोड में 55 किरदार निभाकर पहचान बनाई।
इसके बाद ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ में इंद्रवदन साराभाई का किरदार उनके करियर का सबसे यादगार रोल साबित हुआ।
उन्होंने ‘जाने भी दो यारो’, ‘कल हो ना हो’, ‘मैं हूं ना’, ‘फना’, और ‘ओम शांति ओम’ जैसी दर्जनों फिल्मों में काम किया।
साल 2008 में अर्चना पूरन सिंह के साथ ‘कॉमेडी सर्कस’ में बतौर जज नजर आए।
वर्ष 2015 में FTII की सोसाइटी के सदस्य भी नियुक्त हुए।
गुजरात से मुंबई तक का सफर
सतीश शाह का जन्म गुजरात के मांडवी में हुआ था। उन्होंने जेवियर कॉलेज और FTII पुणे से पढ़ाई की।
उनकी पत्नी मधु शाह एक प्रसिद्ध डिजाइनर हैं। सतीश शाह का जाना भारतीय टेलीविजन और सिनेमा के लिए एक युग का अंत है — वह अभिनेता जो हर किरदार में हंसी के साथ इंसानियत का एहसास छोड़ जाते थे।
दिग्गज एक्टर सतीश शाह नहीं रहे — 74 वर्ष की उम्र में मुंबई में निधन, कल होगा अंतिम संस्कार

Advertisements
