Site icon 24 News Update

बर्फीलो राजस्थान : फतेहपुर में पारा माइनस 1 पर, उदयपुर 5.6 डिग्री, मॉर्निंग वॉक करने वाले शीतलहर से रहें सावधान, 14 तक रहेगा तेज सर्दी का असर

Advertisements

24 न्यूज अपडेट.उदयपुर। राजस्थान में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. इसके कारण कई क्षेत्रों में तापमान जमाव बिंदु के करीब दर्ज किया गया है। सर्दी के तेवर तीखे हो गए हैं। सर्द हवाएं चलने के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट आ गई है। कई जगह बर्फ जम गई। पारा माइनस में भी पहुंच गया। सबसे ठंडा शहर फतेहपुर रहा, 17 जिलों में आज कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया गया है। सीकर के फतेहपुर में बुधवार को न्यूनतम तापमान माइनस 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। माउंट आबू में ओस की बूंदें बर्फ में तब्दील हो रही हैं। आज मौसम विभाग ने 17 जिलों में कोल्ड वेव चलने की चेतावनी दी है। शीतलहर ने सुबह-शाम लोगों को बेचैन कर दिया हैं अलाव ताप कर सर्दी भगाने के जतन हो रहे हैं। मंगलवार को प्रदेश के तीन शहरों को छोड़कर शेष सभी जगहों पर पारा सिंगल डिजिट में पहुंच गया। जयपुर, जोधपुर, अजमेर, कोटा और बीकानेर संभाग के जिलों में कोल्ड वेव का सबसे ज्यादा प्रभाव देखा जा रहा है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने आज 17 जिलों में, जबकि 12 और 13 दिसंबर को 15-15 जिलों में कोल्ड वेव का प्रभाव रहने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे की स्थिति देखें तो बाड़मेर में सबसे ज्यादा तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जोधपुर में अधिकतम तापमान 24, बीकानेर, कोटा में 23-23, गंगानगर में 23.4, जालोर में 24.4 और जयपुर में 22.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। जयपुर, सीकर, चूरू, गंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर समेत उत्तर राजस्थान के लगभग सभी शहरों में मंगलवार देर शाम तेज सर्द हवाएं चलीं। शीत लहर चलने और सुबह-शाम कड़ाके की सर्दी पड़ने के साथ ही प्रदेश में अस्थमा और कार्डियक के मरीज बढ़ गए। डॉक्टरों ने बीमारी से ग्रसित मरीजों को सुबह-शाम घर पर ही रहने की सलाह दी है। साथ ही जो व्यक्ति जल्दी सुबह या देर शाम को वॉक या एक्सरसाइज पर जा रहे हैं उनको धूप निकलने के बाद ही वॉक करने या एक्सरसाइज करने की सलाह दी है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने प्रदेश में अगले दो दिन में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट होने की संभावना जताई है। अगले तीन दिन यानी 13 दिसंबर तक जिले में येलो अलर्ट रहेगा। 14 दिसंबर से राजस्थान में शीतलहर का प्रकोप कम होने की संभावना जताई है।

Exit mobile version