Site icon 24 News Update

बजरंगी भाईजान फिल्म देख चला आया पाकिस्तान का बॉर्डर पार करने, बोला- हज करने जाना है

Advertisements

24 न्यूज अपडेट.जैसलमेर। जैसलमेर से बॉर्डर पार कर पाकिस्तान के रास्ते होते हुए हज करने जा रहे हैदराबाद के युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। इस युवक का कहना था कि वह सरहद पर तैनात जवानों से रिक्वेस्ट करता और सीमा पार चला जाता। उसने हाल ही में बजरंगी भाईजान फिल्म देखी और उसके दिमाग में बॉर्डर पार करने का आइडिया आया। शहर कोतवाल सवाई सिंह ने बताया कि युवक सैयद मजीद पुत्र सैयद जहांगीर, निवासी किंग कोठी हैदराबाद को जैसलमेर शहर से 10 किमी दूर मूल सागर गांव में रविवार सुबह ग्रामीणों ने पकड़ा। उसे पुलिस को सौंप दिया। जांच में पासपोर्ट और आधार मिला, वीजा नहीं था। कोई भी संदिग्ध सामान या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। मजीद का कहना है कि वो हज करने के लिए पैदल सरहद पार करने की तमन्ना लिए पाकिस्तान के रास्ते से जाना चाहता था। उसने यूट्यूब पर हाल ही में ’बजरंगी भाईजान’ फिल्म देखी, बॉर्डर पर परमिशन लेकर हज पैदल जाने का विचार किया। मजीद को अब धारा-151 के तहत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सोमवार कोएसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से रिहा करने के आदेश हुए। कोर्ट ने उसे घर भेजने के आदेश दिए हैं। अब पुलिस उसे हैदराबाद स्थित घर भेजने की तैयारी कर रही है। मजीद 16 अप्रैल को हैदराबाद से रवाना हुआ। ट्रेन से जयपुर और फिर जयपुर से जैसलमेर पहुंचा। जैसलमेर में रविवार को रेलवे स्टेशन पर सोया और वहीं से पैदल बॉर्डर की तरफ चल पडा। करीब 10 किमी दूर पैदल जाता देख लोगों ने उसे रोक कर पूछा तो उसने बताया कि वो बॉर्डर पार कर हज करने जा रहा है। संदिग्ध लगने पर लोगों ने उसे पुलिस को सौंप दिया।

Exit mobile version