Site icon 24 News Update

फाइनेंस कर्मचारी से लूट का एक आरोपी गिरफ्तार

Advertisements

24 न्यूज अपडेट. उदयपुर। ऋषभदेव थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 पर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से हुई लूट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी भरत सिंह राजपुरोहित ने बताया कि लूट की यह घटना 13 सितंबर 2024 को उस समय हुई जब भारत फाइनेंस कंपनी में रिस्क रिकवरी मैनेजर के पद पर कार्यरत ओम प्रकाश भागलाघाट बारा से कलेक्शन लेकर ऋषभदेव लौट रहे थे। बिलख गडावत के पास अचानक एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने ओम प्रकाश की बाइक को रुकवाया। उन्होंने लोहे के सरिये और अन्य हथियार दिखाकर धमकाया और पैसे से भरा कलेक्शन बैग छीन लिया। इस बैग में ₹52,650 नकद, पेन, डायरी और कलेक्शन डिमांड शीट शामिल थे। लूट के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
ओम प्रकाश ने तत्काल इस घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों और गवाहों के बयानों के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, लूट में शामिल बाकी दो आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों के ठिकानों का पता लगाने में मदद मिल सकती है। इस घटना ने हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Exit mobile version