24 न्यूज अपडेट. पाली। सुमेरपुर के पास पुराड़ा गांव से लापता हुए प्रॉपर्टी डीलर सुरेश कुमार देवासी (30) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार रात को पिंडवाड़ा-उदयपुर हाईवे के पास मोरस गांव के जंगल में उसका शव बरामद हुआ। सुरेश के सीने में गोली लगी थी और उसकी कार घटनास्थल से 40 किलोमीटर दूर उदयपुर के जंगल में मिली। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सुरेश का अफेयर एक आदिवासी युवती से था। 8 फरवरी को प्रेमिका के बुलावे पर वह कार से पुराड़ा गांव से निकला था। शक है कि लड़की के परिजनों को इस रिश्ते की भनक लग गई, जिसके बाद उन्होंने सुरेश को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए कार को उदयपुर के जंगल में छिपा दिया। पुलिस ने हत्या के संदेह में तीन लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। हत्या लूट के इरादे से हुई या ऑनर किलिंग का मामला है, पुलिस इसकी जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम के दौरान तीन गोलियों के निशान मिले और एक गोली सुरेश के सीने में फंसी मिली। यह गोली पिस्टल की थी या देसी कट्टे की, इसकी जांच जारी है। 8 फरवरी को सुबह 4ः30 बजे सुरेश कार से पिंडवाड़ा के लिए निकला। 6ः11 बजे उसने मोरस टोल प्लाजा पार किया, उसके बाद से उसका फोन बंद हो गया। जब दिनभर कॉल नहीं लगा, तो परिजनों ने सुमेरपुर सदर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। 13 फरवरी को मोरस पुलिस चौकी से 3 किमी दूर जंगल में शव मिला। पुलिस हत्या की सटीक वजह और हत्यारों की पहचान में जुटी है। वहीं, परिवार ने इसे लूट के इरादे से हत्या बताया है। पुलिस फॉरेंसिक जांच और हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
प्रेमिका से मिलने निकले पाली के प्रॉपर्टी डीलर हत्या, कार उदयपुर के जंगलों से बरामद

Advertisements
