24 न्यूज अपडेट.डूंगरपुर। शहर से 12 किमी दूर महूडी वासुआ फला गांव में आज एक पैंथर ने धमाल माचा दिया। इस पैंथर ने कई लोगों पर हमला बोल दिया जिनमें से पांच जने घायल हो गए। बाद में उदयपुर से आई टीम ने उसे ट्रैंकुलाइज किया। घायलों में एक महिला भी शामिल है। गांव में हल्ला हो जाने के बाद पैंथर एक घर में जाकर छिप गया। उसके बाद लोगों ने मकान को बाहर से बंद कर दिया। गांव में साढे तीन घंटे से अधिक समय तक दहशत का माहौल रहा। उदयपुर से पहुंची टीम बुलाई गई जिसने आते ही पैंथर को ट्रैंकुलाइज करने में सफलता हासिल कर ली तब जाकर लोगों की जान में जान आई। ग्रामीणों ने बताया कि चौरासी थाना क्षेत्र के महुडी वासुआ फला में सुबह करीब 9ः30 बजे गांव में एक पैंथर आ घुसा। उस वक्त गांव के मोहनलाल मनात का परिवार घर के बाहर ही बैठा था। अचानक पैंथर को देख कर परिजन घबरा गए और इस बीच पैंथर ने मोहनलाल की बेटी जया रोत (30) पर हमला कर दिया। हमले में जया के कमर पर पैंथर का पंजा लगा। जया चीखते हुए भागी तो पैथर और हमलावर हो गया। उसने पास में ही चंदूलाल (31) पुत्र हुका मनात, मुकेश मनात (39), मोहनलाल मनात (60), भरत मनात पर भी हमला बोल दिया व घायल कर दिया। ठसके बाद वह भागते हुए मोहनलाल के घर के अंदर घुस गया। घर के सभी लोगों के बाहर होने के चलते लोगों ने तुरंत पैंथर कोघर में अंदर ही बंद कर दिया। इस बीच बड़ी संख्या मेंं आस पास के लोग जमा हो गए व एम्बुलेंस बुलाई गई। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को डूंगरपुर अस्पताल ले जाया गया। चौरासी थाना पुलिस डूंगरपुर वन रेंज की टीम के साथ मौके पर आईं। दोपहर में करीब 12 बजे उदयपुर से ट्रैंकुलाइजर डीपी वर्मा डूंगरपुर पहुंचे। डीएफओ रंगास्वामी उन्हें साथ लेकर महूडी वासुआ फला आए। पैंथर घर के अंदर स्थित एक ड्रम के पीछे जाकर छिप गया। एक बजे दरवाजा खटखटाया गया। हलचल होते ही वह ड्रम के पीछे से बाहर आया। तभी पहले से निशाना साध कर खड़े अधिकारी ने ट्रैंकुलाइज गन दाग दी। 10 मिनट में असर हो गया और मकान का ताला खोलकर देखा तो पैंथर बेहोंश था। उसे एक चटाई में डालकर बाहर निकाला गया। इसके बाद वन विभाग की टीम पिंजरे में डालकर ले गई।
पैंथर ने 5 लोगों पर किया हमला, उदयपुर से पहुंची टीम ने किया ट्रैंकुलाइज

Advertisements
