24 न्यूज अपडेट. निम्बाहेड़ा। निंबाहेड़ा में शनिवार रात 10 बजे रेलवे ट्रैक क्रॉस करते समय पति-पत्नी और साली की मौत हो गई। तीनों रात्रि जागरण में जा रहे थे। रास्ते में पटरी पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गए। पटरी पार मंदिर में जागरण होने से तेज आवाज में डीजे बज रहा था ऐसे में लोगों के शोर मचाने पर भी तीनों ने नहीं सुना व रेलगाड़ी की चपेट में आ गए। रविवार सुबह निंबाहेड़ा में पति-पत्नी की शवयात्रा निकली। साली का शव अहमदाबाद भेजा गया है। एक साथ निकली अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। मोहनलाल और उनकी पत्नी ललिता का अंतिम संस्कार किया गया। बताया गया कि जागरण का आयोजन उनके ही बड़े भाई ने किया था। सीआई राम सुमेर मीणा ने बताया कि मोची मोहल्ला निवासी मोहनलाल धोबी (50) पुत्र सूरजमल, पत्नी ललिता (45) और ललिता की बहन जयश्री (40) पत्नी सुरेश तीनों की हादसे में मौत हुई जो रात्रि जागरण में जा रहे थे। यह जागरण मोहन के बड़े भाई ने रेलवे ट्रैक के पास भैरूजी मंदिर में कराया था। अंडरपास भी था लेकिन तीनों ही पटरी क्रॉस कर मंदिर की ओर रहे थे। इस दौरान ट्रेक पर चित्तौड़गढ़ की ओर जा रही बांद्रा-अजमेर एक्सप्रेस (09653) की चपेट में आ गए। मोहनलाल निंबाहेड़ा में ही लॉन्ड्री की दुकान चलाता था। हादसे में ललिता के हाथ पैर अलग हो गए। साली की भी मौके पर ही मौत हो गई। मोहन लाल ने हॉस्पिटल लेकर जाते हुए रास्ते में दम तोड़ दियां। मोहन के दो लड़के और दो लड़की है। लड़की की शादी हो गई है। साली जयश्री दो दिन पहले ही अहमदाबाद से निंबाहेड़ा आई थी।
पटरी क्रॉस कर रहे पति-पत्नी और साली ट्रेन से कटे, पटरी पार कर जा रहे थे जागरण में

Advertisements
