Site icon 24 News Update

पंजाब के महामहिम राज्यपाल कटारियाजी कल पधारेंगे, नौ दिवसीय प्रवास में आयड़ नदी के ‘‘बेहतरीन विकास कार्यों’’ के अवलोकन का कोई प्रोग्राम नहीं

Advertisements

24 न्यूज अपडेट उदयपुर। पंजाब के महामहिम राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया धर्मपत्नी अनीता कटारिया के साथ नौ दिवसीय प्रवास पर रविवार सुबह 11ः20 बजे उदयपुर हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे जहां प्रशासन द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देने के बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता शहर जिला अध्यक्ष रवींद्र श्रीमाली एवं देहात जिला अध्यक्ष चंद्रगुप्त सिंह चौहान के सानिध्य में स्वागत करेंगे। मीडिया संभाग प्रभारी चंचल कुमार अग्रवाल ने बताया कि महामहिम राज्यपाल कटारिया एयरपोर्ट से सीधे उनके निवास पर पहुंचेंगे जहां पर विश्राम करने के बाद 16 सितंबर से प्रतिदिन नगर में एवम बाहर प्रवास कर विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे एवं 23 सितंबर को प्राप्त वायुयान द्वारा पंजाब हेतु प्रस्थान कर जाएंगे। कटारिया के पूरे प्रवास कार्यक्रम में कहीं भी आयड़ नदी के विकास कार्यों के अवलोकन का कार्यक्रम नहीं है जबकि हर बार कटारिया जब भी आते हैं आयड़ नदी के कामों का अवलोकन करने अधिकारियों के साथ जरूर जाते हैं और आवश्यक निर्देश भी देते हैं। उनके निर्देशन में ही आयड़ नदी में जालियां लगवाई गई थीं और अन्य कई विकास कार्य हुए थे जिनकी हाल ही में हुई बारिश के बाद खुद आयड़ नदी ने अच्छी खबर ले ली है व उदयपुर में चर्चा का दौर गर्म है कि आयड़ नदी में 75 करोड़ रूपए के विकास कामों की पोल अब खुलकर सामने आ गई है। वैसे अभी बारिश का दौर थमा हुआ है और नदी में पानी भी बीच की सीमा रेखाओं में ही बह रहा है। ऐसे में कटारियाजी के अवलोकन का प्रोग्राम बनाया जा सकता था। अपने व्यस्त शेड्यूल में कटारिया पहली बार असारवा से उदयपुर तक रेलगाड़ी से यात्रा करेंगे। आपको याद दिला दें कि हाल ही इस रेलगाड़ी में वातानुकूलित डिब्बे जोड़े गए हैं। इसके अलावा वे वंदे भारत एक्सप्रेस से बिजयनगर तक की यात्रा करेंगे।

Exit mobile version