24 न्यूज़ अपडेट जयपुर। सार्वजनिक निर्माण मंत्री दिया कुमारी ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि गोगुन्दा विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2021-22 व 2022-23 में अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त 22 पुलियाओं के जीर्णोद्धार के लिए 343.39 लाख रुपए की स्वीकृति जारी की जा चुकी है। इनमें से 2 कार्य पूर्ण एवं 20 कार्य प्रगतिरत हैं। उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि यदि कोई क्षतिग्रस्त सड़क शेष रह गई है, तो उसका भी परीक्षण करवाकर दुरुस्त करवाया जाएगा। सार्वजनिक निर्माण मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस सम्बन्ध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रही थी। उन्होंने कहा कि बजट वर्ष 2017-18 के तहत गोगुन्दा से ओगणा तक 19 किलोमीटर के सड़क चौड़ाईकरण कार्य के लिए 18 करोड़ 34 लाख रुपए की स्वीकृति जारी की गयी थी। इस सड़क का अधिकांश हिस्सा वन क्षेत्र से गुजरता है। वन विभाग द्वारा 16 किलोमीटर के चौड़ाईकरण कार्य के लिए अनुमति दी गयी थी। शेष 2.60 किलोमीटर सड़क के चौड़ाईकरण कार्य का प्रस्ताव ऑनलाइन वन विभाग को भेजा गया था। वन विभाग द्वारा मौजूदा सड़क पर ही डामरीकरण की स्वीकृति दी गयी, जिसके कारण यहाँ 2.60 किलोमीटर में केवल डामरीकरण का कार्य ही किया जा सका।उन्होंने बताया कि वर्ष 2022-23 में खाखरी से सायरा सड़क निर्माण के लिए 23 करोड़ 10 लाख रुपए की स्वीकृति जारी की गयी थी। इसका कार्यादेश 27 अक्टूबर 2022 को जारी किया गया था, जिसकी कार्य प्रारम्भ तिथि 12 नवम्बर 2022 एवं समाप्ति तिथि 11 नवम्बर 2023 थी। कस्बों में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया बाधित होने से इस कार्य में देरी हुई।इससे पहले विधायक श्री प्रताप लाल भील के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में सार्वजनिक निर्माण मंत्री ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र गोगुन्दा में 65 सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, जो नॉन पेचेबल स्थिति में हैं। इस श्रेणी की सड़कों की मरम्मत के लिए बजट वर्ष 2025-26 में मरूस्थलीय क्षेत्र के लिए 15 करोड़ रुपए प्रति विधानसभा क्षेत्र की घोषणा की गई। इस राशि में से 5 करोड़ रुपए लागत तक के मिसिंग लिंक सड़कों के निर्माण कार्य करवाये जायेंगे। इस घोषणा के अनुसार प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया जाकर प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर नॉन पेचेबल सड़कों के मरम्मत कार्य करवाये जाने प्रस्तावित हैं। इनके अतिरिक्त क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत विभागीय मद द्वारा समय-समय पर आवश्यकता एवं कार्यों की पारस्पंरिक प्राथमिकता के आधार पर की जाती है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र गोगुन्दा में वर्ष 2024 में बरसात से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए एस.डी.आर.एफ योजनान्तर्गत 198 सड़क कार्यों के लिए 346.50 लाख रुपए की अस्थायी मरम्मत हेतु एवं स्थायी मरम्मत के लिए 11 कार्यों के लिए 853.97 लाख रुपए की स्वीकृति जारी की जा चुकी है। उन्होंने स्वीकृत राशि में से मदवार व्यय का विवरण सदन के पटल पर रखा। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading... Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation मासिक जिला स्तरीय जन सुनवाईजिला कलेक्टर ने सुनी जनता की समस्याएं, मौके पर दिए समाधान के निर्देश उत्तर पश्चिम रेलवे में प्रेरणात्मक जीवनशैली और मिलेट्स जागरूकता कार्यशाला का आयोजन, इस्कॉन के श्री कृष्ण पाद दास और राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के डॉ. सर्वेश अग्रवाल ने दिए व्याख्यान