24 न्यूज अपडेट. उदयपुर। उदयपुर में विद्या भवन ग्राउंड पर आयोजित केशव चन्द्र शर्मा मेमोरियल छात्रा हॉकी टूर्नामेंट का दो दिवसीय आयोजन सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। यह टूर्नामेंट विद्या भवन संस्थान के व्यवस्थापक रहे शिक्षाविद केशव चन्द्र शर्मा की स्मृति में आयोजित किया गया था। ग्रामीण परिवेश से आई राजकीय महात्मा गांधी विद्यालय, बंबोरा की टीम ने फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्या भवन की टीम को 1-0 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। समारोह के दौरान समाजसेवी के पी अग्रवाल, विद्या भवन के अध्यक्ष डॉ जितेंद्र कुमार तायलिया, मुख्य संचालक राजेंद्र भट्ट, पूर्व पशु चिकित्सा संयुक्त निदेशक डॉ ललित जोशी और जिला खेल अधिकारी शकील हुसैन ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने छात्रा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले विद्या भवन के दो विद्यार्थियों को विशेष रूप से हॉकी स्टिक प्रदान कर सम्मानित किया गया। शर्मा परिवार द्वारा सभी खिलाड़ियों को किट वितरित किए गए। कार्यक्रम में विद्या भवन विद्यबंधु संघ की अध्यक्षा पुष्पा शर्मा, शिक्षाविद प्रो अरुण चतुर्वेदी, चन्द्रलेखा भारती, प्रो अनिल कोठारी, समाजसेवी रेवती रमन श्रीमाली, उद्योगपति दिलीप गलुण्डिया और प्रकाश अग्रवाल जैसे गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। टूर्नामेंट के संयोजक कुलदीप शर्मा ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण छात्रा खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना और उन्हें हॉकी जैसे खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना था। इस टूर्नामेंट ने यह संदेश दिया कि भारत की बेटियाँ साहस, संकल्प और शक्ति की प्रतीक हैं। इस प्रकार के आयोजन छात्राओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने और खेलों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
केशव चन्द्र शर्मा मेमोरियल छात्रा हॉकी टूर्नामेंट का समापन

Advertisements
