Site icon 24 News Update

उदयपुर के गौरव और युद्धवीर नेशनल चैंपियनशिप में चमके

Advertisements

24 News Update उदयपुर, 30 जून। कर्नाटक के दावनगिरी में चल रही राष्ट्रीय सीनियर पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में उदयपुर के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गौरव साहू और युवा प्रतिभा युद्धवीर सिंह राठौड़ ने अपने शानदार प्रदर्शन से न सिर्फ उदयपुर, बल्कि राजस्थान को गौरवान्वित किया है। राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के सचिव विनोद साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि सीनियर वर्ग की 59 किलोग्राम भारश्रेणी में भाग लेते हुए गौरव साहू ने अपने खेल जीवन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल 605 किलो वजन उठाकर ओवरऑल कांस्य पदक जीता। यह प्रदर्शन उन्हें इस वर्ग में 600 किलो से अधिक वजन उठाने वाला राजस्थान का पहला खिलाड़ी बना देता है। गौरव ने स्क्वेट में 240 किलो वजन उठाकर रजत पदक प्राप्त किया, बेंच प्रेस में 127.5 किलो और डेडलिफ्ट में 237.5 किलो वजन उठाकर व्यक्तिगत कांस्य पदक हासिल किया। इस प्रकार तीनों वर्गों में कुल 605 किलो भार उठाकर उन्होंने ओवरऑल कांस्य पदक अपने नाम किया। यह गौरव के करियर का लगातार दूसरा ओवरऑल कांस्य है, इससे पूर्व वे नई दिल्ली में आयोजित फेडरेशन कप नेशनल सीनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भी यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। अब वे आगामी नवंबर में रोमानिया में होने वाली विश्व सीनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप की तैयारी में जुटे हैं।
वहीं, जूनियर वर्ग की 105 किलोग्राम भारश्रेणी में भाग लेते हुए उदयपुर के युद्धवीर सिंह राठौड़ ने अपने पहले ही नेशनल में शानदार सफलता अर्जित की। उन्होंने स्क्वेट स्पर्धा में 322.5 किलो वजन उठाकर स्वर्ण पदक, बेंच प्रेस में 180 किलो वजन उठाकर कांस्य पदक, तथा डेडलिफ्ट में 290 किलो वजन उठाकर फिर से स्वर्ण पदक जीता। कुल 792.5 किलो भार उठाकर युद्धवीर ने ओवरऑल स्वर्ण पदक हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली, सचिव डॉ. देवेंद्र साहू, कोषाध्यक्ष राजाराम शर्मा, आयोजन सचिव विनोद साहू, जिला ओलंपिक संघ के सचिव जालमचंद जैन, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी चंद्रेश सोनी, माला सुखवाल सहित शहर के अनेक खेलप्रेमियों ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।

Exit mobile version