24 न्यूज अपडेट. जयपुर। राजस्थान में धमकीबाज बाज नहीं आ रहे हैं। आए दिन किसी ना किसी को धमकी मिल रही है। अबकी बार भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकीबाज ने राठौड़ को आज सुबह कॉल किया। फोन उठाते ही सामने वाले व्यक्ति ने अपशब्द कहना शुरू कर दिए। कहा- तू बहुत उछल-कूद कर रहा है। तुझे गोली मार दूंगा। राज्यसभा में इसलिए भेजा है क्या? राठौड़ ने दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में इस बारे में शिकायत दर्ज करवाई है। सीएम भजनलाल शर्मा, बीजेपी प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल सहित भाजपा के कई नेताओं ने फोन करके मदन राठौड़ से घटना की जानकारी ली। राठौड ने मीडिया से कहा कि धमकी देने वाले व्यक्ति को उनके स्टाफ ने फोन किया तो उसने पहले खुद को बिहार का रहने वाला बताया। फिर कहा कि वो अनूपगढ़ से बोल रहा हूं। जब उससे पूछा गया कि उसने मदन राठौड़ को धमकी क्यों दी, तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। बाद में कई बार फोन किए गए। लेकिन फोन रिसीव नहीं किया। मदन राठौड़ ने मीडिया से कहा कि मैंने ऐसा कोई काम ही नहीं किया, जिससे कोई व्यक्ति मुझे धमकी दे। मैंने तो फोन करने वाले व्यक्ति के अपशब्द कहने के बाद भी उससे पूछा कि भाई तुम्हें तकलीफ क्या है? क्यों इस तरह से बोल रहे हो? आपको बता दें कि सीएम भजनलाल शर्मा को जनवरी और जुलाई में जान से मारने की धमकी मिली थी। जनवरी में जयपुर सेंट्रल जेल में 5 साल से बंद कैदी ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर धमकी दी थी। जुलाई में जयपुर पुलिस कंट्रोल रूम पर दौसा जेल की लोकेशन से फोन आया। बाद में दार्जिलिंग निवासी एक आरोपी को पुलिस ने डिटेन किया था।
अबकी बार…बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को जान से मारने की धमकी, बोला- बहुत उछल-कूद कर रहा है, गोली मार दूंगा

Advertisements
