Site icon 24 News Update

सरकारी सिस्टम में नहीं टूटनी चाहिए अवकाश की दीपमालिका, राजस्थान सरकार ने 1 नवंबर को छुट्टी घोषित की

Advertisements

24 न्यूज अपडेट. उदयपुर। सरकारी सिस्टम में काम भले ही हो ना हो, अवकाश की गंगा अविरल बहनी चाहिए। अब दो दिनों 31 अक्टूबर व 1 नवंबर को दीपावली होने की उलझन के बीच कर्मचारियों की भारी मांग पर राजस्थान सरकार ने 1 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। 1 नवंबर की छुट्टी नहीं होने से सबसे ज्यादा परेशान वे सरकारी कार्मिक थे जो दूर-दराज के गांव और शहरों में रहते हैं। कर्मचारियों की मांग पर राज्य सरकार की ओर से आज इसकी घोषणा के आदेश निकाले गए। कर्मचारी संगठन लगातार 1 नवंबर को छुट्टी घोषित करने की मांग कर रहे थे। इसे लेकर कर्मचारी संगठनों ने 24 अक्टूबर को मुख्य सचिव सुधांश पंत को ज्ञापन भी सौंपा था। 31 को दीपावली है, 2 अक्टूबर को गोवर्धन औऱ 3 को भैया दूज के चलते सार्वजनिक अवकाश है। इनके बीच में 1 नवंबर को वर्किंग डे था। ऐसे में कर्मचारियों की मांग थी कि 1 नवंबर को भी अवकाश घोषित किया जाए। सरकार ने उनकी मांग मानते हुए छुट्टी के आदेश जारी कर दिए। आपको बता दें कि प्रदेश में विधानसभा सचिवालय ने मंगलवार को ही 1 नवंबर की छुट्टी की घोषणा कर दी थी। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के निर्देश पर प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा ने इस संदर्भ में आदेश जारी कर दिए थे। विधानसभा अध्यक्ष द्वारा अवकाश की घोषणा होने के बाद कर्मचारियों को उम्मीद थी कि राज्य सरकार भी 1 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा कर सकती है। इस साल पूरे देश में दीपावली मनाने को लेकर विरोधाभास है। कई राज्यों में 31 अक्टूबर को तो कई जगह 1 नवंबर को दीपावली मनाई जा रही है। राजस्थान में अधिकतर जगह 31 अक्टूबर को ही दीपावली मनाई जा रही है। गोवर्धन पूजा 2 नवंबर को होगी। जिन राज्यों में दीपावली का 1 नवंबर का अवकाश घोषित है, वहां इस तरह की समस्या नहीं है। जिन राज्यों में 31 अक्टूबर को दीपावली मनाई जा रही है, वहां इस तरह की समस्या हो रही है।

Exit mobile version