24 न्यूज अपडेट. उदयपुर। पानेरियों की मादड़ी स्थित चिराग कॉम्पलेक्स में नवनिर्मित श्री कल्याणेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव भव्य रूप से संपन्न हुआ।
सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान
22 फरवरी से 27 फरवरी 2025 तक चले इस अनुष्ठान में दशविद स्नान, नान्दी श्राद्ध, कलश पूजन, शोभायात्रा, मण्डप प्रवेश, हवन, अन्न-जल-मिष्ठान अर्पण, पंचकुण्डीय यज्ञ सहित विभिन्न धार्मिक विधियों का आयोजन हुआ। इस पूरे आयोजन को पंडित जगदीश चंद्र चौबीसा (झालावत) के आचार्यत्व में विधिपूर्वक संपन्न किया गया।
संतों का सान्निध्य एवं भक्तों की सहभागिता
महोत्सव में श्री काली कल्याण धाम के पीठाधीश्वर महंत कुलदीप सिंह चौहान एवं गातौड़जी धाम के रघुनाथ सिंह ठाकरड़ा का सान्निध्य प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के मुख्य यजमान रमेश राज सुहालका (सहपत्नी) रहे। प्राण प्रतिष्ठा के दौरान 101 जोड़ों ने हवन में भाग लिया। शिवलिंग एवं शिव परिवार की स्थापना शुभ मुहूर्त में की गई। 27 फरवरी को महाप्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें क्षेत्रवासियों एवं भक्तजनों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कल्याणेश्वर महादेव मंदिर प्रबंधन समिति के समर्पित प्रयासों और क्षेत्रवासियों के सहयोग से यह महोत्सव भव्य एवं ऐतिहासिक बन गया। यह जानकारी कैलाश मेनारिया ने दी।
श्री कल्याणेश्वर महादेव मंदिर में शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न

Advertisements
