Site icon 24 News Update

राजस्थान में मौसम का कहर, बिजली गिरने से सिलेंडर फटा, नदबई में जोरदार धमाका; बारिश-ओलावृष्टि से फसलें तबाह

Advertisements



24 News update जयपुर/भरतपुर। पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। मंगलवार को राज्य के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का दौर जारी रहा, वहीं भरतपुर जिले के नदबई में बिजली गिरने से गैस सिलेंडर फटने की घटना ने दहशत फैला दी।
बिजली गिरते ही सिलेंडर फटा, 100 मीटर दूर जा गिरा
मंगलवार रात करीब 11 बजे नदबई में एक मकान पर बिजली गिरने से सीढ़ियों में रखा गैस सिलेंडर फट गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि सिलेंडर करीब 100 मीटर दूर जा गिरा और सामने के मकान का दरवाजा व दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। धमाके से उड़े पत्थर आसपास के घरों तक जा पहुंचे। गनीमत रही कि उस वक्त घर में सो रहा परिवार बाल-बाल बच गया।

राज्यभर में बारिश-ओलावृष्टि, कई जिलों में असर

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर 8 अप्रैल तक बना रहेगा। पिछले 24 घंटों में जोधपुर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, नागौर, जयपुर, अलवर, टोंक, धौलपुर समेत कई जिलों में बारिश के साथ ओले गिरे। कुछ क्षेत्रों में 40 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से आंधी चली।

राजधानी जयपुर में देर रात करीब डेढ़ घंटे तक तेज बारिश हुई, जिससे तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। बदले मौसम के कारण राज्य के 10 से अधिक शहरों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। सबसे अधिक तापमान चित्तौड़गढ़ में 36.6 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि फतेहपुर सबसे ठंडा क्षेत्र रहा, जहां अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बारिश और ओलों से फसलों को भारी नुकसान

लगातार बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं और इसबगोल जैसी तैयार फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है। खेतों में पानी भरने से कटाई के लिए तैयार फसलें खराब हो गईं, वहीं कई जगह मंडियों में रखी उपज भी भीग गई। सीकर-झुंझुनूं बॉर्डर के करीब कई गांवों में देर रात ओले गिरने से किसानों की चिंता और बढ़ गई है।

अब आगे क्या?

मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार अगले 24 घंटों में भरतपुर और जयपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद मौसम साफ रहेगा और तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। अप्रैल के अंतिम सप्ताह से गर्मी का असर तेज होने के आसार हैं, जबकि मई-जून में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है।

Exit mobile version