24 News Update निंबाहेड़ा (कविता पारख)। भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में मेवाड़ वाल्मीकि सेवा संस्था, चित्तौड़गढ़ एवं प्रगतिशील मेवाड़ वाल्मीकि सेवा संस्था, निंबाहेड़ा के तत्वावधान में वाल्मीकि समाज का प्रथम निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन 2026 का भव्य आयोजन दशहरा मैदान, निंबाहेड़ा में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन, अतिथिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सम्मेलन का उद्देश्य समाज में एकता, समरसता को बढ़ावा देना एवं सामाजिक कुरीतियों को समाप्त कर सादगीपूर्ण विवाह परंपरा को प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर विवाह बंधन में बंधे नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए वक्ताओं ने कहा कि ऐसे सामूहिक आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ-साथ आर्थिक बोझ को भी कम करते हैं।
समारोह में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष हकरु भाई मईडा (मीणा), पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी (मुख्य अतिथि), भाजपा जिला प्रभारी विमल अग्रवाल (जयपुर), भाजपा जिला अध्यक्ष रतनलाल गाडरी, पूर्व विधायक अशोक नवलखा, निवर्तमान जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, निवर्तमान प्रधान बगदीराम धाकड़, सीपी नामधारणी, पूर्व नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, पूर्वी नगर अध्यक्ष अशोक जाट, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह शक्तावत, नगर महामंत्री देवकरण समदानी, कमलेश बुनकर, ग्रामीण मंडल महामंत्री राधेश्याम टेलर सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवदंपति जोड़ों को सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों का उपरना ओढ़ाकर एवं मेवाड़ी परंपरानुसार साफा बंधवाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक श्रीचंद कृपलानी ने अपने विस्तृत उद्बोधन में कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को नई दिशा देने वाला सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विवाह में बढ़ते दिखावे और अनावश्यक खर्च से मध्यम एवं कमजोर वर्ग के परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ता है, जबकि ऐसे निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन इस बोझ को कम कर समाज के सामने एक आदर्श प्रस्तुत करते हैं।
उन्होंने कहा कि सामाजिक स्तर पर इस प्रकार के आयोजन आपसी भाईचारे, एकता और समरसता को मजबूत करते हैं तथा दहेज प्रथा, फिजूलखर्ची और आडंबर जैसी कुरीतियों पर प्रभावी रोक लगाने में सहायक सिद्ध होते हैं। यह पहल समाज को सकारात्मक सोच की ओर अग्रसर करती है और समानता एवं सहयोग की भावना को बढ़ाती है।
विधायक कृपलानी ने शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जागरूकता को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे नैतिक मूल्यों को अपनाकर समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने दांपत्य जीवन की शुरुआत प्रेम, विश्वास, आपसी सम्मान और जिम्मेदारी के साथ करें तथा परिवार और समाज के लिए आदर्श स्थापित करें।
कार्यक्रम के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं और आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। अंत में आयोजकों ने सभी सहयोगियों, भामाशाहों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।
निंबाहेड़ा में वाल्मीकि समाज का प्रथम निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन 2026 आयोजित, विधायक कृपलानी ने नव विवाहित दम्पत्ति जोड़ों को दिया आशीर्वाद

Advertisements
