24 News Update उदयपुर। झीलों की नगरी ने शनिवार शाम अंतरराष्ट्रीय कूटनीति का रंग देखा, जब संयुक्त राज्य अमेरिका के राजदूत मिस्टर सर्जियो गोर उदयपुर एयरपोर्ट पहुंचे। शाम करीब 6:30 बजे डबोक एयरपोर्ट पर उनके आगमन के साथ ही प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया।
एयरपोर्ट पर अतिथि का पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में भव्य स्वागत किया गया। उन्हें लहरिया दुपट्टा ओढ़ाया गया और फूलों का गुलदस्ता भेंट किया गया। रंग-बिरंगे दुपट्टे को देखकर राजदूत ने खुशी जाहिर करते हुए इसे बहुत ही कलरफुल बताया। यह उनका उदयपुर का पहला दौरा है, जिसे लेकर वे खासे उत्साहित दिखे।
एयरपोर्ट टर्मिनल पर स्वागत के दौरान पर्यटन विभाग की उपनिदेशक शिखा सक्सेना, आईपीएस अधिकारी आशिमा वासवानी,उपखंड अधिकारी वल्लभनगर किरण पाल सहित अन्य अधिकारी और एयरपोर्ट टर्मिनल मैनेजर ऑपरेशन पवन शर्मा आदि मौजूद रहे। अधिकारियों ने उन्हें उदयपुर की ऐतिहासिक धरोहर, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन विशेषताओं की जानकारी दी तो राजदूत व उनके साथ आए सभी मेहमान प्रसन्न हो गए। उप निदेशक शिखा सक्सेना ने मेहमानों से राजस्थान की धरोहरों, महान परम्पराओं साहित उदयपुर के पर्यटन से संबंधित अन्य जानकारियों को साझा किया।
Z+ सुरक्षा के बीच सख्त इंतजाम
राजदूत के दौरे को देखते हुए उन्हें Z+ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। जिला प्रशासन की ओर से सभी संबंधित विभागों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सुरक्षा और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी जिला पुलिस अधीक्षक, नगर निगम आयुक्त, अग्निशमन विभाग, पर्यटन विभाग सहित विभिन्न अधिकारियों को सौंपी गई है। चिकित्सा व्यवस्थाओं के तहत महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय में आईसीयू बेड आरक्षित रखा गया है, विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम तैनात की गई है तथा एएलएस एम्बुलेंस कारकेड के साथ रहेगी। इसके अलावा ब्लड ग्रुप उपलब्धता, आवश्यक दवाइयों और उपकरणों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
समन्वय के लिए अधिकारी तैनात
दौरे के दौरान प्रशासनिक समन्वय के लिए उपखंड अधिकारी वल्लभनगर किरण पाल, पर्यटन विभाग की उपनिदेशक शिखा सक्सेना, आरएनटी मेडिकल कॉलेज और एमबी अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
साथ ही, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांच, अग्निशमन वाहनों की तैनाती और एयरपोर्ट पर प्रोटोकॉल व्यवस्थाएं भी तय मानकों के अनुसार लागू की गई हैं।
20 अप्रैल को दिल्ली रवाना होंगे
राजदूत सर्जियो गोर 18 और 19 अप्रैल को उदयपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे और 20 अप्रैल को दोपहर 12:30 बजे वायुयान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

