24 News Update उदयपुर। जिला पावरलिफ्टिंग संघ उदयपुर की टीम ने अलवर में आयोजित 14वीं राजस्थान राज्य जूनियर एवं सब-जूनियर क्लासिक पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक सहित कुल पांच पदक अपने नाम किए। संघ के सचिव विनोद साहू के अनुसार 57 किलोग्राम जूनियर वर्ग में माही चौहान ने 307.5 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। 66 किलोग्राम जूनियर वर्ग में जयेश कामोंया ने 527.5 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीता, जबकि 63 किलोग्राम सब-जूनियर वर्ग में माही मीणा ने 265 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। इसी क्रम में 59 किलोग्राम सब-जूनियर बालक वर्ग में रुपेश बरांडा ने 412.5 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक जीता, वहीं 63 किलोग्राम सब-जूनियर बालिका वर्ग में धानी साहू ने 207.5 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक हासिल किया। प्रतियोगिता में उदयपुर के दिव्यांश साहू, मानव सोनी और लक्षित कुमावत ने भी अपने-अपने वर्ग में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान उदयपुर के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गौरव साहू—जो एशियन सीनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक विजेता रह चुके हैं और विश्व सीनियर चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं—का सम्मान समारोह में विशेष रूप से सम्मान किया गया। जिला पावरलिफ्टिंग संघ अलवर की ओर से उन्हें 5100 रुपये नकद और स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। राज्य स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली, सचिव डॉ. देवेंद्र साहू, कोषाध्यक्ष राजाराम शर्मा, पूर्व जिला खेल अधिकारी गिरधारी सिंह चौहान, जिला ओलंपिक संघ के सचिव मुकेश जैन और राजस्थान स्ट्रेंथ लिफ्टिंग संघ के सचिव चंद्रेश सोनी सहित विभिन्न खेल संगठनों के पदाधिकारियों ने बधाई दी। उदयपुर टीम के मैनेजर विनोद साहू और कोच गौरव साहू रहे।
राज्य पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में उदयपुर का दम, पांच पदक झटके

Advertisements
