Site icon 24 News Update

उदयपुर कलक्टर नमित मेहता ‘सिल्वर ऐलिफेंट अवार्ड’ से सम्मानित, राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने जयपुर में किया अलंकरण

Advertisements

24 News Update उदयपुर। जिला कलक्टर नमित मेहता को आज जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में भारत स्काउट व गाइड के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान ‘सिल्वर ऐलिफेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। माननीय राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।
राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड राज्य मुख्यालय, जयपुर के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय राज्य पुरस्कार सम्मान समारोह के दौरान यह अलंकरण किया गया। समारोह की अध्यक्षता राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने की।
जिला संगठन आयुक्त (सीओ स्काउट) सुरेन्द्र कुमार पाण्डे ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री मेहता को यह सम्मान वर्ष 2022-23 में पाली जिले के कलक्टर रहते हुए 18वीं राष्ट्रीय स्तरीय स्काउट-गाइड जंबूरी के ऐतिहासिक, भव्य एवं अनुकरणीय आयोजन के लिए प्रदान किया गया है। इस अवसर पर भारत स्काउट व गाइड राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली की ओर से प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया गया।
गौरतलब है कि सिल्वर ऐलिफेंट अवार्ड भारत स्काउट व गाइड आंदोलन का सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान है, जो स्काउटिंग की प्रगति, संगठन विस्तार एवं मूल्यों के संवर्धन में असाधारण योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तित्वों को प्रदान किया जाता है।

Exit mobile version