24 news update उदयपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती से मोर्चा संभाले हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की स्पेशल यूनिट ने शुक्रवार को एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। नगर निगम उदयपुर के स्वास्थ्य निरीक्षक कमलेश और जमादार अनिल को 8000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया गया। यह कार्रवाई ACB के एएसपी राजीव जोशी के निर्देशन में बेहद योजनाबद्ध ढंग से की गई। जानकारी के अनुसार, नगर निगम के एक सफाईकर्मी से काम में सहूलियत और फाइल पास करने के एवज में उक्त दोनों अधिकारियों ने रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित सफाईकर्मी ने यह बात ACB को बताई, जिसके बाद टीम ने तुरंत सक्रियता दिखाई और जाल बिछाकर दोनों भ्रष्ट अधिकारियों को धरदबोचा।
ACB की टीम ने पहले से तय योजना के तहत सफाईकर्मी को कैमरे और रिकॉर्डिंग उपकरणों से लैस कर भेजा। जैसे ही 8000 रुपए की रिश्वत की रकम ली गई, टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से नगर निगम महकमे में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि पहले भी भ्रष्टाचार को लेकर शिकायतें आई थीं, लेकिन इस बार पुख्ता सबूतों के साथ ACB ने रंगे हाथों पकड़ लिया। दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और यह भी जांचा जा रहा है कि इस तरह की अवैध वसूली का कोई और बड़ा नेटवर्क तो नहीं है। ACB की यह कार्रवाई भ्रष्टाचार में लिप्त अन्य अधिकारियों के लिए भी एक सख्त संदेश है कि अब किसी भी तरह की लापरवाही और घूसखोरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उदयपुर ACB की बड़ी कार्रवाई: स्वास्थ्य निरीक्षक और जमादार रिश्वत लेते रंगे हाथों ट्रैप

Advertisements
