24 News Update उदयपुर, 4 मई। चीन के हाइनान शहर में 9 से 15 मई 2026 तक आयोजित होने वाली एशियन जूनियर इक्यूपड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में राजस्थान के दो खिलाड़ियों का चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ी पहली बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के आयोजन सचिव विनोद साहू ने बताया कि 93 किलोग्राम भार वर्ग में डीग के योगेंद्र सोगरवाल तथा 120 किलोग्राम भार वर्ग में अलवर के जितेंद्र शर्मा का चयन भारतीय पावरलिफ्टिंग टीम में किया गया है। दोनों खिलाड़ियों के चयन से राजस्थान के खेल जगत में खुशी का माहौल है।
उन्होंने बताया कि दोनों खिलाड़ी 8 मई को दिल्ली पहुंचेंगे, जहां से वे उसी रात 17 सदस्यीय भारतीय टीम के साथ फ्लाइट द्वारा चीन रवाना होंगे। भारतीय टीम के साथ कोच जोसफ जेम्स तथा पावरलिफ्टिंग इंडिया के महासचिव और अर्जुन अवॉर्डी पी. जे. जोसफ भी चीन जाएंगे।
राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की उम्मीद जताई है। संघ के अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली, सचिव डॉ. देवेंद्र साहू, आयोजन सचिव एवं पावरलिफ्टिंग इंडिया के उपाध्यक्ष विनोद साहू, कोषाध्यक्ष राजाराम शर्मा, कोच आशीष जैमन, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गौरव साहू, चंद्रेश सोनी और भूपेंद्र व्यास सहित कई खेल प्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी।
खेल प्रेमियों ने विश्वास जताया कि योगेंद्र सोगरवाल और जितेंद्र शर्मा एशियन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतेंगे और राजस्थान का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
एशियन पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में राजस्थान के दो खिलाड़ियों का चयन, पहली बार अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखाएंगे दम

Advertisements
