Site icon 24 News Update

कन्हैयालाल हत्याकांड को तीन साल, अब भी नहीं मिला न्याय: अशोक गहलोत ने केंद्र और भाजपा पर साधा निशाना

Advertisements

24 News Update उदयपुर। उदयपुर में हुए बहुचर्चित कन्हैयालाल साहू हत्याकांड को तीन साल पूरे हो गए हैं, लेकिन अब तक दोषियों को सजा नहीं मिलने पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार और भाजपा को आड़े हाथों लिया है। गहलोत ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा —
“यह बेहद दुखद है कि तीन साल बीतने के बाद भी कन्हैयालाल साहू और उनके परिवार को न्याय नहीं मिल पाया। भाजपा ने इस मामले का केवल राजनीतिक लाभ उठाया, लेकिन न्याय के लिए कोई गंभीर प्रयास नहीं किया।”

“पूरा क्राइम और कबूलनामा वीडियो में, फिर भी न्याय नहीं”
गहलोत ने कहा कि यह मामला तो पूरी तरह स्पष्ट था, जिसमें हत्या से लेकर आरोपियों का कबूलनामा तक वीडियो में रिकॉर्ड है। फिर भी तीन साल बाद न्याय लंबित है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि इस हत्याकांड का इस्तेमाल जनता में भ्रम फैलाकर वोट लेने के लिए किया गया, लेकिन न्याय प्रक्रिया को तेज करने की पहल नहीं की गई।

“चार घंटे में गिरफ्तारी, उसी रात केस NIA को सौंपा गया”
पूर्व मुख्यमंत्री ने लिखा कि उनकी सरकार ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए केवल चार घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन उसी रात केंद्र सरकार के निर्देश पर केस NIA (नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी) को सौंप दिया गया।

“फास्ट ट्रैक कोर्ट क्यों नहीं बनाई?”
गहलोत ने सवाल उठाया कि तीन साल गुजरने के बाद भी 166 में से केवल 6 गवाहों के बयान ही दर्ज हो सके हैं। कोई विशेष अदालत या फास्ट ट्रैक कोर्ट तक नहीं बनाई गई। वर्तमान में यह मामला सीबीआई कोर्ट के अतिरिक्त प्रभार में चल रहा है।

“अगर NIA को केस नहीं दिया होता तो अब तक हो जाती सजा”
उन्होंने कहा — “यदि यह केस राजस्थान पुलिस के पास ही रहता तो अब तक दोषियों को सजा मिल चुकी होती। अब इस हत्याकांड पर फिल्म आ रही है, और सब जानते हैं कि इसका राजनीतिक लाभ किसे मिलने वाला है। लेकिन असल मुद्दा तो यह है कि अब तक इंसाफ नहीं मिला।”

Exit mobile version