Site icon 24 News Update

तीन दिवसीय एमएस एक्सेल कार्यशाला का समापन, विद्यार्थियों को मिला रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण

Advertisements

24 News Update उदयपुर। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के लेखांकन एवं व्यावसायिक सांख्यिकी विभाग की ओर से रूसा के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय एमएस एक्सेल कार्यशाला का वाणिज्य महाविद्यालय के कंप्यूटर लैब में सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यशाला का आयोजन कुलगुरु प्रो. भगवती प्रसाद सारस्वत के मार्गदर्शन और शुभाशीष में किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल कौशल से परिचित कराया गया।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए वाणिज्य महाविद्यालय के अधिष्ठाता एवं विभागाध्यक्ष प्रो. शूरवीर सिंह भाणावत ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में एमएस एक्सेल केवल एक सॉफ्टवेयर नहीं बल्कि वाणिज्य और प्रबंधन के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण व्यावसायिक उपकरण बन चुका है। उन्होंने कहा कि डेटा विश्लेषण, वित्तीय प्रबंधन और कार्यालयी कार्यों में एक्सेल की दक्षता युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास करने और कार्यशाला में सीखे गए कौशल को व्यवहारिक जीवन में अपनाने की सलाह दी।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. पारुल दशोरा ने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को डेटा मैनेजमेंट, एडवांस फंक्शंस, डेटा विश्लेषण तथा एक्सेल के विभिन्न व्यावहारिक अनुप्रयोगों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख तकनीकी दक्षता प्रदान करना और उन्हें आधुनिक कार्यसंस्कृति के अनुरूप तैयार करना था। प्रशिक्षण के सूत्रधार के रूप में चार्टर्ड अकाउंटेंट रितेश पारख ने प्रतिभागियों को एक्सेल के व्यावहारिक उपयोग, डेटा हैंडलिंग और विश्लेषण की तकनीकों से अवगत कराया।
समापन समारोह में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यशाला के अंतर्गत आयोजित क्विज प्रतियोगिता में बी.कॉम. प्रथम सेमेस्टर की रिद्धिमा जैन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बी.कॉम. तृतीय सेमेस्टर की मनाली सोलंकी द्वितीय स्थान पर रहीं। इस अवसर पर सह-अधिष्ठाता डॉ. शिल्पा वर्डिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. प्रियंका जैन, नेहा पंड्या, हीना सालवी, कलीम खान, शालिनी चास्टा, भक्ति कुमावत और दीक्षांत सेन सहित विभाग के अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।

Exit mobile version