Site icon 24 News Update

चौकीदार जागा, लेपर्ड बंगले के गेट से भागा, छोड़ गया दहशत और सीसीटीवी में मौजूदगी

Advertisements

24 News Update उदयपुर. उदयपुर के केशवनगर मैन रोड स्थित एसबीआई बैंक के पास एक बंगले के गेट पर शनिवार देर रात एक लेपर्ड (तेंदुआ) देखा गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। यह पूरी घटना बंगले में लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है, जिसमें लेपर्ड चौकीदार के चिल्लाने पर छलांग मारकर सड़क की ओर भागता हुआ दिखाई दे रहा है। बंगले के चौकीदार मीठालाल ने बताया कि रात करीब 11:27 बजे उन्होंने लेपर्ड को बंगले के गेट पर बैठा देखा। उनकी चीख सुनते ही लेपर्ड बंगले के अंदर कूदने की बजाय बाहर सड़क पर छलांग लगा गया और फिर रोड पार कर प्रेमनगर कॉलोनी की तरफ चला गया। बंगले के मालिक अभिषेक जैन ने बताया कि किराएदार अपूर्व जैन से बातचीत के बाद उन्हें इस घटना की जानकारी मिली और सुबह सीसीटीवी देखने पर लेपर्ड का मूवमेंट स्पष्ट नजर आया।

लेपर्ड के आबादी वाले इलाके में आने की सूचना पर पूर्व पार्षद राकेश जैन ने तुरंत डीएफओ अजय चित्तौड़ा को सूचित किया। इसके बाद क्षेत्रीय वन अधिकारी यशपाल सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के खेतों में भी सर्च अभियान चलाया। हालांकि, सुबह तक लेपर्ड का कोई नया सुराग नहीं मिल पाया है।

वन विभाग की टीम ने लोगों को आश्वस्त किया है कि वे इलाके पर निगरानी रखेंगे और जरूरत पड़ने पर पिंजरा भी लगाया जाएगा। पूर्व पार्षद राकेश जैन ने बताया कि यह पूरा इलाका घनी आबादी वाला है और मुख्य सड़क पर चौबीसों घंटे वाहनों की आवाजाही रहती है। कॉलोनियों में बच्चे भी खेलते हैं, जिससे लेपर्ड के दिखने के बाद से लोगों में दहशत का माहौल है। उन्होंने कलेक्टर नमित मेहता को भी इस मामले से अवगत कराया है। जब तक लेपर्ड पकड़ा नहीं जाता, तब तक लोगों में भय बना रहेगा।

Exit mobile version