उदयपुर। साठ खेड़ा व खेरोदा चौकी क्षेत्र के सालवी (बुनकर) समाज द्वारा वैशाख सुदी तेरस के अवसर पर बुधवार को सूरजपोल जोगीवाड़ा स्थित भगवान श्री सत्यनारायण मंदिर में भव्य पाठोत्सव कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, बुद्धिजीवी, शिक्षाविद, समाजसेवी, युवा साथी एवं मातृशक्ति की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
मंगलवार सायं 7:30 बजे से भजन संध्या की शुरुआत हुई, जिसमें समाज की भजन मंडली द्वारा सत्संग और कीर्तन प्रस्तुत किए गए। महिलाओं ने भी भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी। पूरी रात भजन-कीर्तन और नृत्य के साथ भक्तिमय माहौल बना रहा। रात्रि 10 बजे कार्यक्रम में सहयोग देने वाले भामाशाहों का तिलक एवं उपर्णा से सम्मान किया गया। इसके पश्चात रात्रि 12:15 बजे भगवान श्री सत्यनारायण जी की आरती कर प्रसाद वितरण किया गया।
बुधवार प्रातः 8:30 बजे मंदिर के पुजारी आमेटा जी द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना, हवन एवं यज्ञ संपन्न कराया गया, जिसमें समाजजनों ने आहुतियां देकर सहभागिता निभाई। प्रातः 11:30 बजे समाज के प्रमुख मोतबीरों द्वारा जयकारों के साथ मंदिर के ध्वजदंड एवं ध्वज का परिवर्तन किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई।
समाज की केंद्रीय कार्यकारिणी एवं चोखला पदाधिकारियों की ओर से सभी समाजजनों, महिला समितियों, नवयुवक मंडल, भामाशाहों एवं धर्मप्रेमियों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर पटेल मांगीलाल पचलोड़, अध्यक्ष नारायण लाल सलाया, सचिव जगदीश चौहान, कोषाध्यक्ष हीरालाल डोडिया सहित समस्त चोखला पदाधिकारी एवं प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

