बस स्टॉप से उठाकर सुनसान ठिकाने पर छीने सोने-चांदी के गहने व 7 हजार नकद; सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से 48 घंटे में खुलासा
उदयपुर, 25 फरवरी। शहर में रोजी-रोटी की तलाश में आए एक मिस्त्री को काम दिलाने का झांसा देकर सुनसान जगह ले जाकर लूट लेने की वारदात का पुलिस थाना हिरणमगरी ने 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। मामले में एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बस स्टॉप से मोटरसाइकिल पर बैठाकर पीड़ित को कालबेलिया डेरे में ले जाकर उसके कानों की सोने की बालियां, हाथ का चांदी का शेरमुखी कड़ा और 7 हजार रुपए नकद छीन लिए थे।
पीड़ित की आपबीती: “काम दिखाने” के बहाने फंसाया
प्रार्थी पांचुराम मीणा पुत्र हरिराम, उम्र 50 वर्ष, जाति मीणा, निवासी चित्तोड़िया थाना लसाडिया जिला सलूम्बर (हाल सब्जी मंडी, थाना हिरणमगरी, उदयपुर) ने 23 फरवरी 2026 को थाने में लिखित रिपोर्ट दी। उन्होंने बताया कि वे उदयपुर में मकान निर्माण कार्य में मिस्त्री का काम करते हैं और साइड पर ही रहते हैं।
22 फरवरी 2026 को शाम करीब 6 बजे काम खत्म कर सवीना सब्जी मंडी के सामने बस स्टॉप पर बैठे थे, तभी लाल रंग की मोटरसाइकिल पर एक महिला और एक पुरुष आए। उन्होंने कहा कि “आप मिस्त्री हैं तो हमारे घर का काम देख लो।” पीड़ित उनके साथ बैठ गया। रास्ते में आरोपियों ने नाम-पता पूछते हुए तंज कसा कि “बाहर से आकर खूब रुपये कमा रहे हो, सोना-चांदी पहन रहे हो।”
इसके बाद वे प्रतापनगर चौराहे के पास कालबेलिया डेरे में ले गए, एक डेरे में उतारकर कानों की सोने की एक जोड़ी बालियां, हाथ का शेरमुखी चांदी का कड़ा और 7 हजार रुपये छीन लिए। महिला आरोपी पुरुष को “शंकर/सलीम” जैसे नाम से पुकार रही थी। लूट के बाद पीड़ित को धक्का देकर भगा दिया गया। पीड़ित ने आरोपियों को पहचानने की बात कही।
रिपोर्ट पर प्रकरण संख्या 73/26 धारा 309(4), 3(5) बीएनएस 2023 में दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विशेष टीम गठित, सीसीटीवी व तकनीकी साक्ष्यों से पहचान
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश ओझा, वृताधिकारी (नगर पूर्व) सूर्यवीर सिंह और थानाधिकारी रवीन्द्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
मुखबिर सूचना, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान कर दबिश दी गई और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- मीरा देवी पत्नी सोहन कालबेलिया, उम्र 40 वर्ष, जाति कालबेलिया, निवासी बडलीयास थाना बडलियास जिला भीलवाड़ा, हाल आचार वाली गली, कुमावतपुरा, थाना सूरजपोल, उदयपुर।
- शंकर लाल मेघवाल पुत्र रूपा मेघवाल, उम्र 30 वर्ष, जाति मेघवाल, पेशा—संतोष दाल बाटी पर नौकरी (सूरजपोल), निवासी गांव आटा थाना कुराबड़ जिला उदयपुर, हाल आचार वाली गली, कुमावतपुरा, थाना सूरजपोल, उदयपुर।
आरोपियों का इकबाल
पूछताछ में दोनों ने 22 फरवरी 2026 को सवीना सब्जी मंडी बस स्टॉप से मिस्त्री को काम के बहाने मोटरसाइकिल पर बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर सोने-चांदी के गहने और नकद रुपये लूटने की वारदात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, आगे की जांच जारी है और अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
कार्रवाई में शामिल टीम
- रवीन्द्र सिंह, पु.नि., थानाधिकारी, हिरणमगरी
- सुरेश कुमार, सउनि., थाना हिरणमगरी
- मोहनलाल, हैडकानि 477, थाना हिरणमगरी
- श्रीमती विधा, म.कानि 2659, थाना हिरणमगरी
- श्रीमती सुमन, म.कानि 2632, थाना हिरणमगरी
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अनजान व्यक्तियों के साथ कार्यस्थल देखने या अन्य बहाने से सुनसान स्थान पर न जाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
नोट—खबर के साथ काम में लिया गया चित्र सांकेतिक व ए—आई जनरेटेड है।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.