Site icon 24 News Update

एक महीने से दहशत का पर्याय बना तेंदुआ पिंजरे में कैद, जंगल में सुरक्षित छोड़ा गया

Advertisements

24 न्यूज अपडेट, डूंगरपुर। डूंगरपुर जिले की दोवड़ा पंचायत समिति क्षेत्र के रघुनाथपुरा ग्राम पंचायत अंतर्गत बेरणिया फला में शनिवार सुबह एक तेंदुआ वन विभाग के पिंजरे में फंस गया। यह तेंदुआ पिछले करीब एक महीने से रघुनाथपुरा सहित आसपास के गांवों में पालतू मवेशियों को शिकार बनाकर ग्रामीणों में भय का माहौल बना रहा था।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में कई स्थानों पर पिंजरे लगाए थे। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने पिंजरे से आ रही गुर्राने की आवाज सुनी और तुरंत विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेंजर यशपाल सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जहां पिंजरे में एक वयस्क तेंदुआ कैद मिला। अनुमान है कि वह रात के समय शिकार की तलाश में घूमता हुआ पिंजरे में घुस गया और वहीं फंस गया।
वनपाल चंद्रवीर सिंह व अन्य स्टाफ की सहायता से तेंदुए को सावधानीपूर्वक रेस्क्यू किया गया और उसे सुरक्षित रूप से विभागीय मुख्यालय लाया गया। आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षणों के बाद उसे जंगल में पुनः छोड़ दिया गया। इस सफल कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है और अब पशुधन की सुरक्षा को लेकर उनमें आश्वस्ति का माहौल है।

Exit mobile version