24 News Update उदयपुर। झालावाड़ जिले में जुलाई माह में एक विद्यालय की जर्जर कक्षा गिरने से नौ बच्चों की मृत्यु के बाद, प्रदेशभर के जर्जर स्कूलों की स्थिति पर अब भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ऐसे में राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष शेर सिंह चौहान और जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर परमार के नेतृत्व में संगठन ने आज जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर उदयपुर जिले के 480 जर्जर विद्यालय भवनों और 5,415 जर्जर कक्षा कक्षों के शीघ्र निर्माण और मरम्मत की मांग की।
संगठन के जिला महामंत्री कमलेश शर्मा ने बताया कि इन जर्जर भवनों के संबंध में आदेश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन शीतकालीन अवकाश समाप्त होने के बावजूद निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि बच्चों की सुरक्षा और पढ़ाई के हित में तुरंत वैकल्पिक व्यवस्थाओं के साथ निर्माण कार्य आरंभ किया जाना चाहिए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कुछ स्कूल ग्रामीण और गरीब इलाकों में स्थित हैं, जहां स्थानीय भामाशाहों से धन जुटाने की अपेक्षा करना व्यावहारिक नहीं है। संघ ने राज्य सरकार से अपील की कि शिक्षा के नाम पर केवल घोषणाएँ करने की बजाय वास्तविक निर्माण कार्य तेज़ी से शुरू कराया जाए, ताकि बच्चों को गर्मी, बारिश और शीतलहर से सुरक्षा मिल सके।
ज्ञापन सौंपते समय प्रदेश कोषाध्यक्ष सतीश जैन, प्रदेश संगठन मंत्री भेरूलाल कलाल, बड़गांव ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम सिंह भाटी, गिरवा ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम बेरवा, ओम प्रकाश बिश्नोई, गजेंद्र शर्मा, राजेश व्यास, राजेश शर्मा सहित कई संगठन कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.