24 News Update सागवाड़ा (जयदीप जोशी)। राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) ने शिविरा पंचांग 2026-27 में ग्रीष्मावकाश एवं संस्था प्रधान द्वारा घोषित अवकाश में कटौती को लेकर प्रदेश भर में शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर कड़ा विरोध प्रकट किया।
जिले के सभी विद्यालयों में संगठन ने विरोध जताया। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष ईलेश शर्मा एवं जिलाध्यक्ष अरविंद पाटीदार ने बताया कि राजस्थान की भौगोलिक परिस्थितियों एवं भीषण गर्मी को देखते हुए जून माह में विद्यालय खोलना पूर्णतः अव्यावहारिक है। क्षेत्रीय एवं स्थानीय आयोजनों में राजकीय अवकाश नहीं होने पर भी वहाँ शत-प्रतिशत बालकों की भागीदारी रहती है, इसी कारण संस्था प्रधान द्वारा दो अवकाश घोषित किए जाने का प्रावधान रखा गया था। विभागीय अधिकारियों द्वारा बिना नियम के इसमें कटौती किया जाना समझ से परे है। शिक्षा विभाग द्वारा इस प्रकार के अव्यावहारिक निर्णय से सरकार की छवि भी धूमिल हुई है। संभाग संगठन मंत्री मोहित त्रिवेदी, जिला प्रभारी उदयपुर-सलूम्बर प्रकाश त्रिवेदी ने बताया कि शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाए जाने का विरोध करते हुए विभिन्न प्रकार के अवकाशों में की गई कटौती को तत्काल वापस लेकर शिविरा कैलेंडर में संशोधन की मांग की गई है। आंदोलन के आगामी चरणों में 8 अप्रैल को उपखंड स्तर पर उपखंड अधिकारी को एवं 20 अप्रैल को जिला स्तर पर जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया जाएगा। यदि सरकार समय रहते आदेश वापस नहीं लेती है तो संगठन 18 मई को शिक्षा मंत्री के विधानसभा क्षेत्र रामगंजमंडी में विरोध प्रदर्शन करते हुए विशाल शिक्षक रैली निकालेगा।
अवकाशों की कटौती के विरोध में शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रकट किया

Advertisements
