24 News Update उदयपुर, 9 अक्टूबर। टाटा ग्रुप की टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में 12,075 करोड़ रुपए का कॉन्सोलिडेटेड नेट प्रॉफिट दर्ज किया है, जो सालाना आधार पर 1.4% की बढ़ोतरी है। पिछले साल इसी अवधि में कंपनी का मुनाफा 11,909 करोड़ रुपए था।
जुलाई-सितंबर तिमाही में TCS का ऑपरेशन रेवेन्यू 65,799 करोड़ रुपए रहा, जो सालाना 2.4% बढ़ा। कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए 11 रुपए प्रति शेयर का लाभांश घोषित किया है, जिसका रिकॉर्ड डेट 15 अक्टूबर तय किया गया है।
TCS ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में भी बड़े कदम उठाए हैं। कंपनी भारत में 1 गीगावाट क्षमता वाला AI डेटा सेंटर बनाने के लिए निवेश करेगी। इसके साथ ही, अमेरिकी कंपनी List Engage को 646 करोड़ रुपए में खरीदा जाएगा, ताकि ग्राहकों को बेहतर सर्विस दी जा सके। कंपनी अपने 2,75,000 कर्मचारियों के लिए दुनिया का सबसे बड़ा AI हैकाथॉन भी आयोजित करेगी।
TCS का शेयर आज 33 रुपए बढ़कर 3,060 रुपए पर बंद हुआ। बीते एक साल में शेयर में 28% गिरावट आई है। कंपनी की मार्केट वैल्यू 11.08 लाख करोड़ रुपए है।
स्थापना और इतिहास: TCS की स्थापना 1968 में ‘टाटा कंप्यूटर सिस्टम्स’ के रूप में हुई थी। 25 अगस्त 2004 को यह पब्लिक लिस्टेड कंपनी बनी और अप्रैल 2018 में 100 अरब डॉलर मार्केट कैप वाली देश की पहली IT कंपनी बनी। वर्तमान में यह 46 देशों में 149 लोकेशन पर काम करती है।
TCS की Q2 कमाई 12,075 करोड़, भारत में 1 GW AI डेटा सेंटर बनाएगी

Advertisements
