Site icon 24 News Update

उप निरीक्षक (दूरसंचार) भर्ती-2024: 9 अप्रैल से शुरू होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा, जयपुर में जुटेगा अभ्यर्थियों का हुजूम

Advertisements

24 News Update जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर द्वारा आयोजित उप निरीक्षक (दूरसंचार) संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा 2024 के अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट है। लिखित परीक्षा में सफल रहे अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन आगामी 9 अप्रैल से 11 अप्रैल 2026 तक राजस्थान पुलिस अकादमी पानीपेच, जयपुर में किया जाना प्रस्तावित है।
भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड के उप महानिरीक्षक पुलिस मनोज कुमार ने बताया कि शारीरिक दक्षता परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र शीघ्र ही जारी कर दिए जाएंगे। अभ्यर्थी अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से इन्हें ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे। एडमिट कार्ड के साथ अभ्यर्थियों को अपना एक फोटोयुक्त मूल पहचान दस्तावेज लेकर नियत तिथि और समय पर बोर्ड के समक्ष उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे महानिदेशक पुलिस, राजस्थान के स्थाई आदेश संख्या 10/2025 में निर्धारित पाठ्यक्रम और मापदंडों के अनुसार अपनी शारीरिक तैयारी पुख्ता रखें। शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान बोर्ड द्वारा निर्धारित मानकों पर खरा उतरना अनिवार्य होगा।
अपडेट के लिए वेबसाइट पर रखें नजर
अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार के भ्रम से बचने और भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी नवीनतम जानकारियों के लिए पुलिस विभाग की आधिकारिक वेबसाइट http://www.police.rajasthan.gov.in को नियमित रूप से देखने का परामर्श दिया गया है।

Exit mobile version