24 News Udpate उदयपुर। अजमेर के कायड़ में 28 फरवरी को प्रस्तावित प्रधानमंत्री की जनसभा को लेकर भारतीय जनता पार्टी उदयपुर देहात ने पूरी ताकत झोंक दी है। बलिचा स्थित पार्टी कार्यालय में हुई अहम बैठक में जिला प्रभारी एवं कपासन के पूर्व विधायक बद्रीलाल जाट के मुख्य आतिथ्य और जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली की अध्यक्षता में व्यापक रणनीति तय की गई। लक्ष्य स्पष्ट रखा गया—देहात जिले की सभी विधानसभाओं से एक हजार से अधिक लाभार्थियों और कैडर-आधारित कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करना।
बैठक में विधानसभा-वार बस प्रबंधन, अजमेर जाने वाले लाभार्थियों व कार्यकर्ताओं की नामावली, प्रस्थान स्थल और समय-निर्धारण जैसे बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा कर कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया। निर्णय हुआ कि 27 फरवरी की शाम को मंडलों से निर्धारित स्थानों से बसें रवाना होंगी। कार्यक्रम की निगरानी के लिए विधानसभा स्तर पर समन्वयक- संयोजक और मंडल स्तर पर प्रभारी व सह-प्रभारी नियुक्त किए गए।
जिला प्रभारी बद्रीलाल जाट ने कहा, “मेवाड़ की आहुति के बिना राष्ट्रयज्ञ अधूरा है।” उन्होंने विकसित भारत और विकसित राजस्थान के संकल्प को जन-जन तक ले जाने का आह्वान करते हुए केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को सभा में अधिकाधिक संख्या में लाने पर जोर दिया। साथ ही बूथ स्तर तक के विचारधारा-समर्पित कैडर की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने भरोसा जताया कि देहात जिले की भागीदारी प्रभावशाली रहेगी और सभी विधानसभाओं से तय लक्ष्य के अनुरूप उपस्थिति दर्ज होगी।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री ललित सिंह सिसोदिया ने किया। इस अवसर पर पूर्व जिला प्रमुख एवं जिला उपाध्यक्ष शांतिलाल मेघवाल, दीपक शर्मा, चंद्रशेखर जोशी, घनश्याम मेनारिया, किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य धनराज अहीर, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रेमचंद लोहार, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष मुकेश खटीक, भिंडर प्रधान हरिसिंह सोनगरा, मोहब्बत सिंह राव, सज्जन सिंह राव, ख्यालीलाल जैन, यशवंत पुरोहित, कुंतल जोशी, अशोक लोहार, हरिसिंह वांगरोदा, जगदीश खेरलिया, पम्मी खटीक सहित विभिन्न विधानसभाओं के संयोजक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

