Site icon 24 News Update

लकड़वास में राज्य पुरस्कार स्काउट शिविर सम्पन्न, 168 स्काउट्स ने सीखी संघर्ष से जूझने की शिक्षा

Advertisements

24 News Update उदयपुर। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड मंडल मुख्यालय उदयपुर के तत्वावधान में आयोजित राज्य पुरस्कार स्काउट प्रशिक्षण शिविर 21 से 25 अगस्त तक मंडल प्रशिक्षण केंद्र उदयनिवास, लकड़वास में सम्पन्न हुआ। यह शिविर सीओ स्काउट सुरेन्द्र कुमार पाण्डे के निर्देशन में चला।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने कहा कि स्काउटिंग बच्चों को कठिन परिस्थितियों में जीने की कला सिखाती है। स्काउट किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति को अनुकूल बनाने में निपुण होते हैं। स्काउटिंग का अर्थ ही “साइंस ऑफ आउटिंग” है, जिसके अंतर्गत खुले में रहना, तंबू लगाना, आग जलाकर भोजन तैयार करना, जंगल की परिस्थितियों के अनुसार आश्रय स्थल बनाना आदि सिखाया जाता है।
मीणा ने अपने जीवन संघर्षों को साझा करते हुए शिविरार्थियों को प्रेरित किया कि विषम परिस्थितियों का सामना हिम्मत और सूझबूझ से करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के समय में समाज में स्काउटिंग की प्रासंगिकता और बढ़ गई है तथा सभी शिक्षण संस्थानों में इसकी गतिविधियों का संचालन आवश्यक है। इस मौके पर विधायक मीणा ने शिविर केंद्र के समग्र विकास हेतु विधायक निधि से आर्थिक सहयोग की घोषणा की और आगामी सितम्बर में उदयपुर में होने वाले जनजाति महोत्सव में सहयोग का आश्वासन भी दिया।
शिविर में कुल 168 स्काउट व रोवर ने भाग लिया। संचालन में प्रधान शिविर संचालक सुरेन्द्र कुमार पाण्डे के साथ प्रशिक्षक गणपत लाल मेनारिया, वक्तावर सिंह देवड़ा, श्याम किशोर उपाध्याय, राजवीर सिंह, सुशील सेवदा, हरीशंकर शर्मा, भगवतीलाल साहू, विशाल गुप्ता, दिव्यांश बृजवानी और शांतिलाल बरण्डा ने योगदान दिया।

Exit mobile version