Site icon 24 News Update

देवगढ़ में मेले के दौरान चाकूबाजीः एक युवक की मौत, तीन घायल, ग्रामीणों में आक्रोश

Advertisements

24 न्यूज अपडेट, राजसमंद। जिले के देवगढ़ कस्बे में शुक्रवार रात श्री करणी माता सांस्कृतिक एवं दशहरा मेले के दौरान दो पक्षों में हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गया। चाकूबाजी की इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद कस्बे में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर एकत्र होकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद माहौल शांत हुआ।
रात करीब 10ः30 बजे भड़का विवाद
जानकारी के अनुसार, श्री करणी माता मेला ग्राउंड में रात करीब 10ः30 से 11 बजे के बीच दो गुटों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को स्थानीय अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर किया गया।
इलाज के दौरान एक युवक ने तोड़ा दम
एमबी अस्पताल में इलाज के दौरान 26 वर्षीय मानसिंह पुत्र किशन सिंह रावत निवासी छोटी स्वादड़ी की मौत हो गई। अन्य घायलों में महेंद्रसिंह (20) पुत्र गोविंदसिंह रावत निवासी छोटी स्वादड़ी, गणपतसिंह रावत निवासी छोटी स्वादड़ी और रेवंतसिंह पुत्र धन्नासिंह निवासी टेगी (जीरण पंचायत) शामिल हैं, जिनका उपचार जारी है।
पुरानी रंजिश से जुड़ा मामला होने की आशंका
देवगढ़ थाना प्रभारी संगीता बंजारा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। आरोपियों की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों गुटों के बीच पहले से रंजिश थी, जिसके चलते यह झगड़ा हुआ माना जा रहा है।
थाने के बाहर ग्रामीणों का जमावड़ा
युवक की मौत की खबर फैलते ही आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में देवगढ़ थाने के बाहर जमा हो गए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को शांत करते हुए निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

Exit mobile version