Site icon 24 News Update

सेंट पॉल प्रीमियर लीग का आगाज़: अंडर-14 क्रिकेट में 12 टीमों के बीच मुकाबला, पहले दिन चार रोमांचक मैच

Advertisements

24 News Update उदयपुर। शहर के खेल परिदृश्य में उत्साह का माहौल सोमवार को उस समय देखने को मिला, जब सेंट पॉल उच्च माध्यमिक विद्यालय उदयपुर के तत्वावधान में तीन दिवसीय ‘सेंट पॉल प्रीमियर लीग’ अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। 30 मार्च से 1 अप्रैल तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न सीबीएसई विद्यालयों की 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि मनोज चौधरी रहे, जो उदयपुर जिला क्रिकेट संघ के सचिव एवं भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड के प्रथम स्तर के प्रशिक्षक हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ खेलने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अनूप दवे, किशन चौधरी, सौरभ चौहान और फरहान खान भी उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर ए. जॉन बॉस्को ने अतिथियों का पारंपरिक स्वागत कर प्रतियोगिता के सफल आयोजन की कामना की।

पहले दिन चार मुकाबले, टीमों ने दिखाया दमखम
प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए चार मुकाबलों में युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। उद्घाटन मैच में सी.पी.एस. स्कूल ने सेंट टेरेसा स्कूल को 66 रनों से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में पायनियर स्कूल ने सीडलिंग स्कूल को 7 रनों से हराया। तीसरे मैच में रॉकवुड स्कूल ने रेयान स्कूल को 13 रनों से शिकस्त दी। वहीं चौथे मैच में सेंट पॉल स्कूल ने विजन एकेडमी को 10 विकेट से हराकर प्रभावशाली जीत दर्ज की। पूरी प्रतियोगिता में अंपायरिंग की जिम्मेदारी राजसमंद के अनुभवी अंपायर आशीष वासु और जयंत वासु संभाल रहे हैं, जो भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड के प्रथम स्तर के अंपायर हैं। सभी मैच विद्यालय परिसर स्थित खेल मैदान में खेले जा रहे हैं, जहां बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और अभिभावक खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं।
विद्यालय के वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक मुकेश चौहान के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में विशेष उत्साह बना हुआ है।

Exit mobile version