उदयपुर। राजस्थान के विश्वविद्यालयों में नेतृत्व का नया दौर शुरू हो गया है। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शनिवार को सात विश्वविद्यालयों में कुलगुरु नियुक्तियों के आदेश जारी किए। इसमें जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर में आठ महीने बाद पहली बार पूर्णकालिक वीसी की नियुक्ति की गई है।
नई नियुक्तियों के तहत जोधपुर विश्वविद्यालय में प्रो. पवन कुमार शर्मा, सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेद विश्वविद्यालय में प्रो. गोविंद सहाय शुक्ला, और राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय, कोटा में प्रो. निमित रंजन चौधरी को कुलगुरु बनाया गया है।
कृषि विश्वविद्यालयों में भी बदलाव हुआ है। कोटा कृषि विश्वविद्यालय में डॉ. बिमला डूंकवाल, जोधपुर कृषि विश्वविद्यालय में डॉ. वीरेंद्र सिंह जेतावत, जोबनेर के कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय में प्रो. पुष्पेंद्र सिंह चौहान, और उदयपुर के महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में डॉ. प्रताप सिंह को वीसी नियुक्त किया गया है।
जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय में पिछले आठ महीने से वीसी का पद खाली था। इससे पहले डॉ. कन्हैयालाल श्रीवास्तव को 10 फरवरी को हटाए जाने के बाद अतिरिक्त चार्ज दिया गया था। इसी प्रकार, उदयपुर कृषि विश्वविद्यालय में डॉ. अजीत कुमार कर्नाटक का कार्यकाल 15 अक्टूबर को समाप्त हुआ था, जिसके बाद डॉ. प्रताप सिंह को स्थायी वीसी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है।

