24 News Update बांसवाड़ा। नवनीतलाल निनामा का गुरुवार को 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे निनामा ने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। निनामा 1963 से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे और बांसवाड़ा में जनसंघ तथा भाजपा संगठन को मजबूत करने वाले प्रमुख स्तंभ माने जाते थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत पंचायत पडौली गोर्धन (तहसील घाटोल) में सचिव के रूप में की थी, जहां से उन्होंने गरीबों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई शुरू की। आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए वे जनवरी 1976 से जुलाई 1977 तक मीसा के तहत जेल में भी रहे। उनकी अंतिम यात्रा 24 अप्रैल 2026 को प्रातः 9 बजे उनके पैतृक गांव गननावट से निकाली जाएगी। अंतिम संस्कार में भाजपा नेताओं और आदिवासी समाज के हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है।
समाजसेवा में अग्रणी भूमिका
निनामा ने अपने जीवनकाल में घाटोल क्षेत्र की करीब 50 बेटियों का कन्यादान कराया और लगभग 100 जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा का जिम्मा उठाया। वे राजस्थान आदिवासी संघ के माध्यम से पिछले चार दशकों से अधिक समय तक आदिवासी समाज की आर्थिक और सामाजिक समस्याओं के समाधान में सक्रिय रहे। 1979 से 1990 तक उन्होंने संगठन के अध्यक्ष के रूप में समाज की आवाज को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता नवनीतलाल निनामा का निधन, बांसवाड़ा में शोक की लहर

Advertisements
